Move to Jagran APP

'कांग्रेस को देश की नहीं, पाकिस्तान की है चिंता', झारखंड में जमकर गरजे रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह

मंगलवार को बोकारो इस्पात नगर के सेक्टर दो सी दुर्गा पूजा मैदान में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने चुनावी सभा को संबोधित किया। इस दौरान रक्षा मंत्री ने धनबाद लोकसभा क्षेत्र के प्रत्याशी ढुल्लू महतो के पक्ष में आयोजित की गई इस सभा में कांग्रेस पार्टी व उनके नेता राहुल गांधी पर जमकर हमला बोला। उन्होंने इस सभा में पीएम मोदी की भी तारीफ की।

By Birendra Kumar Pandey Edited By: Shoyeb Ahmed Published: Tue, 21 May 2024 06:11 PM (IST)Updated: Tue, 21 May 2024 06:20 PM (IST)
झारखंड में जमकर गरजे रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह

जागरण संवाददाता, बोकारो। बोकारो इस्पात नगर के सेक्टर दो सी दुर्गा पूजा मैदान में मंगलवार को केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की सभा हुई। धनबाद लोकसभा क्षेत्र के प्रत्याशी ढुल्लू महतो के पक्ष में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के निशाने पर कांग्रेस पार्टी व उनके नेता राहुल गांधी रहे।

राजनाथ सिंह ने कहा कि यह चुनाव केवल ढुल्लू महतो व भाजपा के लिए महत्वपूर्ण नहीं है, बल्कि देश के लिए महत्वपूर्ण चुनाव है। केंद्र में भाजपा की सरकार बनी तो भारत विश्व की तीसरी आर्थिक महाशक्ति बनेगा।

राहुल गांधी पर बोला हमला

रक्षा मंत्री ने कांग्रेस व राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि पाकिस्तान का मंत्री चौधरी फवाद भारत को महाशक्ति मानता है। वहीं मंत्री कांग्रेस के नेता राहुल गांधी की प्रशंसा करता है। इसलिए यह सोचने का समय है कि कांग्रेस को देश की जनता की नहीं बल्कि पाकिस्तान के प्रशंसा की जरूरत है।

कांग्रेस के नेता पाकिस्तान की शक्ति की प्रशंसा करते हैं। हम भारत काे सर्वशक्तिमान बनाना चाहते हैं। एक ऐसा भारत जो दुनिया की आंखों में आंख डाल कर बात करता हो। कांग्रेस के सभी प्रधानमंत्रियों ने गरीबी दूर करने की बात की थी, लेकिन गरीबी को दूर करने का काम नहीं किया।

पीएम मोदी की तारीफ की

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नौ वर्षों में 25 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से बाहर निकालने का काम किया है। कांग्रेस पार्टी भ्रष्टाचार का दूसरा नाम है। उनके लिए देश नहीं परिवार महत्वपूर्ण है। भारत किसी पड़ोसी को परेशान नहीं करता है।

पर जो हमें छेड़ेगा उसे हम छोड़ेंगे नहीं है। आज पीओके के लोग भारत में मिलना चाहते हैं। वहां के लोग पाकिस्तानी झंडा उखाड़ रहें हैं। मोदी जी की सरकार बनने दीजिए, वहां के लोग भारत में शामिल हो जाएंगे।

'झामुमो के कारण झारखंड हुआ बदनाम'

स्व. अटल बिहार वाजपेयी ने अलग झारखंड राज्य का निर्माण इसलिए किया था कि यहां के आदिवासियों का विकास होगा। लेकिन यहां जब भी गैर भाजपा सरकार होती है, घोटाला प्रारंभ हो जाता है। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के संबंध में कहा कि वह भ्रष्टाचार के आरोप जेल में बंद हैं।

मंत्री तो मंत्री उनके पीए के नौकर के घर से भी रुपए मिल रहे हैं। यह जनता का पैसा था। अब झारखंड की जनता बताए कि ऐसे लोग पर कार्रवाई होनी चाहिए कि नहीं है। प्रदेश की झामुमो की सरकार के कारण झारखंड की बदनामी हो रही है। जब कार्रवाई होती है तो लोग कांग्रेस बोलती है कि विपक्ष के नेताओं पर कार्रवाई हो रही है।

सच्चाई यह है कि पूरे कांग्रेस के शासन में इडी व सीबीआई ने मात्र 32 लाख रुपये जब्त किए । लेकिन भाजपा की सरकार ने एक लाख करोड़ रुपए भ्रष्टाचारियों का जब्त किया है।

'झूठ फैला रही है कांग्रेस'

रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि कांग्रेस झूठ फैला रही है। कहते हैं कि मोदी जी की सरकार आ गई तो आरक्षण की व्यवस्था समाप्त कर देंगे, किसी की हिम्मत नहीं है कि भारत में आरक्षण की व्यवस्था को समाप्त कर दे। अथवा इसमें कमी लाने की कोशिश करे। देश के अल्पसंख्यकों को गुमराह करने की कोशिश किया जा रहा है।

धर्म के आधार पर आरक्षण की व्यवस्था नहीं की जाती, क्योंकि भारत का संविधान इसकी इजाजत नहीं देता है। भाजपा हिंदू, मुस्लिम, सिख, यहूदी व इसाई के आधार पर भेदभाव करने वाली पार्टी नहीं है। कभी हम लोगों ने जनता की आंखों में धूल झोंक कर राजनीति नहीं की है।

जनता की आंखों में आंख मिला कर राजनीति की है। लेकिन बराबर इन लोगों ने जनता को धोखा दिया है। 132 बार में 90 बार कांग्रेस ने चुनी सरकार को भंग करने का काम किया है। संविधान संशोधन का आरोप हमारे ऊपर लगाते हैं। लेकिन कांग्रेस ने कई बार संविधान में संशोधन किया है।

'भारत में कायम होगा राम राज'

कहा कि हमलोगों ने कहा था कि जब संसद में बहुमत मिलेगा तो कश्मीर से धारा 370 हटा दी जाएगी। जब बहुमत मिला तो हमने यह करके दिखा दिया। यह भी कहा था कि अयोध्या की धरती पर राम मंदिर बन कर रहेगा।

रामलला झोपड़ी से निकल कर महल में विराजमान हुए। 22 जनवरी को रामलला का प्रणाम प्रतिष्ठा किया गया। कांग्रेस के शासनकाल में बैंक घाटे में आ गए थे। अब बैंक तीन लाख करोड़ रुपए के मुनाफे में आ गए हैं।

'अब सारी दुनिया कान खोल कर सुनती भारत की बात'

कहा कि पहले अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत की बातों को गंभीरता से नहीं लिया जाता था। लेकिन अब सारी दुनिया कान खोल कर भारत की बात सुनती है। रुस-यूक्रेन युद्ध चल रहा है। भारत के कई बच्चे यूक्रेन में मेडिकल की तैयारी कर रहे थे। इनके अभिभावकों ने उन्हें यूक्रेन से भारत लाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से गुहार लगाई।

तब प्रधानमंत्री ने दोनों देश के राष्ट्रप्रति से बातचीत की। युद्ध विराम के बीच 22 हजार विद्यार्थियों को सुरक्षित भारत लाया गया। कहा कि केंद्र सरकार का भ्रष्टाचार पर जीरो टालरेंस है। अगर सरकार का एक भी मंत्री भ्रष्टाचार के मामले में पकड़ा गया तो इसे दूध की मक्खी की तरह निकाल दिया जाएगा।

'भाजपा की सरकार बनेगी'

राजनाथ सिंह ने कहा कि चार जून को भाजपा की सरकार प्रचंड बहुमत के साथ बनेगी। इसके बाद पहला काम 70 वर्ष से अधिक उम्र के सभी जाति , धर्म के लोगों को पांच लाख रुपये तक मुफ्त इलाज की सुविधा मिलेगी। यह मोदी जी की गारंटी है। हमने जो भी वादा किया है उसे पूरा करने काम किया है।

धनबाद व बोकारो की जनता हमेशा से भाजपा व देश के साथ रही है। इस बार पूर्ण विश्वास है कि गत चुनाव के आंकड़े को पार कर पांच लाख मतों से प्रत्याशी ढुल्लू महतो को जीत दिलाएंगे।

मौके पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी, नेता प्रतिपक्ष अमर कुमार बाउरी, मुख्य सचेतक बिरंची नारायण, विधायक भानू प्रताप शाही उपस्थित थे।

ये भी पढे़ं-

'दिल से... हेमंत वी मिस यू', अरविंद केजरीवाल ने झारखंड के पूर्व CM पर लुटाया प्यार

Jharkhand Politics: 'भाजपा में दम है तो...', चंपई सोरेन ने BJP को दी खुली चुनौती; युवाओं से कर दिया ये वादा


This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.