चंदनकियारी जमीन घोटाला: फैक्ट्री के लिए जमीन खरीदने आई तेलंगाना की कंपनी से सवा करोड़ की धोखाधड़ी, मामला दर्ज
झारखंड के चंदनकियारी, बोकारो में फैक्ट्री लगाने के लिए जमीन खरीदने आई तेलंगाना की नवभारत फ्यूज कंपनी लिमिटेड के साथ ...और पढ़ें

30 जून 2025 को चंदनकियारी अंचल के पालकुदरी मौजा में 25-30 एकड़ जमीन खरीदने का एकरारनामा हुआ था।
HighLights
तेलंगाना की नवभारत फ्यूज कंपनी से सवा करोड़ की ठगी।
आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज, पुलिस जांच जारी।
संस जागरण,चंदनकियारी। झारखंड के बोकारो जिले के चंदनकियारी में फैक्ट्री लगाने के लिए जमीन खरीदने आई तेलंगाना की मेसर्स नवभारत फ्यूज कंपनी लिमिटेड के साथ 1 करोड़ 21 लाख रुपये से अधिक की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है।
कंपनी के प्रतिनिधि श्री राम ढवले ने बरमसिया ओपी में लिखित शिकायत दर्ज कराई है, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। सिकंदराबाद (तेलंगाना) स्थित नवभारत फ्यूज कंपनी ने बोकारो में कारखाना स्थापित करने का निर्णय लिया था।
कंपनी की चेयरपर्सन और जमशेदपुर (मानगो) की मेसर्स ईगल आई इंफ्रास्ट्रक्चर की प्रोपराइटर कनिका सहाय तथा उनके पति अजय सहाय के बीच 30 जून 2025 को चंदनकियारी अंचल के पालकुदरी मौजा में 25-30 एकड़ जमीन खरीदने का एकरारनामा हुआ था। जमीन की दर 16 लाख रुपये प्रति एकड़ तय की गई थी।
शिकायत के अनुसार, अनुबंध के बाद आरोपियों ने बैंक ट्रांसफर और नकद के माध्यम से कुल 1 करोड़ 21 लाख 80 हजार रुपये से अधिक की राशि वसूल ली।
इसमें बैंक के जरिए 15 लाख और 10 लाख तथा 30 लाख रुपये नकद लेने का भी उल्लेख है। हालांकि, इतनी बड़ी रकम लेने के बावजूद आरोपियों ने जमीन उपलब्ध नहीं कराई।
वादी ने कनिका सहाय और अजय सहाय के खिलाफ छल करने, आपराधिक साजिश रचने, सदोष हानि पहुंचाने और अमानत में खयानत करने का गंभीर आरोप लगाते हुए सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
बरमसिया ओपी पुलिस ने आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की गहराई से जांच शुरू कर दी है।