बोकारो के मुरली मनोहर व अंकिता रानी को मिला गोल्ड मेडल
बोकारो बिनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्वविद्यालय धनबाद में दीक्षांत समारोह का आयोजन किया गया
बोकारो : बिनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्वविद्यालय धनबाद में दीक्षांत समारोह का आयोजन किया गया। कुलपति डा. अंजनी कुमार श्रीवास्तव ने बोकारो स्टील सिटी कालेज के मुरली मनोहर साहु एवं स्वामी सहजानंद कालेज चास की अंकिता रानी को गोल्ड मेडल व प्रमाण पत्र प्रदान किया। विश्वविद्यालय प्रबंधन की ओर से इन्हें बेस्ट ग्रेजुएट स्टूडेंट चयनित किया गया था। बोकारो स्टील सिटी कालेज के मुरली मनोहर साहू ने सत्र 2016-19 स्नातक गणित में 86.66 फीसद अंक हासिल कर विश्वविद्यालय टापर बनने का गौरव हासिल किया था। स्वामी सहजानंद कालेज चास की अंकिता रानी ने सत्र 2017-20 स्नातक गणित संकाय में विश्वविद्यालय टापर रही थीं। विश्वविद्यालय की ओर से मुरली मनोहर व अंकिता रानी को बेस्ट ग्रेजुएट स्टूडेंट के रूप में चयनित किया गया था।
-----आइएएस बन कर देश की सेवा करने की इच्छा
मुरली मनोहर साहु के पिता चौफान गांव निवासी सुनील कुमार साव की एक छोटी सी दवा की दुकान है। माता सुधा देवी गृहिणी हैं। सुनील कुमार साव ने मुरली को अच्छी शिक्षा दी। शिक्षकों के कुशल मार्गदर्शन में मुरली ने बीएसएल प्लस टू उच्च विद्यालय आठ ए से मैट्रिक की परीक्षा 85.2 एवं बोकारो स्टील सिटी कालेज से आइएससी की परीक्षा 76 फीसद अंक से उत्तीर्ण की। मुरली आइएएस अधिकारी बन की लोगों की सेवा करना चाहते हैं। इसलिए यूपीएससी की तैयारी में लगे हैं। अंकिता रानी के पिता बांधगोड़ा साइट निवासी राजेंद्र प्रसाद महतो सरकारी विद्यालय में शिक्षक हैं। माता सुनीता कुमारी गृहणी हैं। सुनीता ने जीजीपीएस चास से मैट्रिक की परीक्षा 9.8 सीजीपीए एवं आइएससी की परीक्षा 93 फीसद अंक से उत्तीर्ण किया। मन में देश सेवा का जज्बा लिए यूपीएससी की परीक्षा की तैयारी कर रही हैं।