विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

प्रेमिका से शादी की जिद में 100 फीट ऊंचे टावर पर चढ़ा युवक, चंदनकियारी में साढ़े तीन घंटे चला हाई वोल्टेज ड्रामा

Published: Thu, 23 Jul 2026 11:30 PM (IST)

Bokaro News: चंदनकियारी के चंडीपुर में एक युवक प्रेमिका से शादी की जिद में 100 फीट ऊंचे बिजली टावर पर ...और पढ़ें

बोकारो में हाई वोल्टेज टावर पर चढ़ा युवक। (फोटो जागरण)

बोकारो में हाई वोल्टेज टावर पर चढ़ा युवक। (फोटो जागरण)

HighLights

  1. युवक प्रेमिका से शादी की मांग को लेकर टावर पर चढ़ा।

  2. चंदनकियारी में 100 फीट ऊंचे बिजली टावर पर चढ़ा युवक।

  3. ग्रामीणों के आश्वासन पर साढ़े तीन घंटे बाद नीचे उतरा।

संवाद सहयोगी, चंदनकियारी(बोकारो)। प्रेमिका से शादी की जिद ने गुरुवार को चंदनकियारी के चंडीपुर गांव में ऐसा हाई वोल्टेज ड्रामा खड़ा कर दिया, जिसे देखने के लिए आसपास के कई गांवों से हजारों लोग उमड़ पड़े।

18 वर्षीय सूरज मुंडा दोपहर करीब तीन बजे सीधे 1.33 लाख वोल्ट क्षमता वाली बिजली लाइन के करीब 100 फीट ऊंचे टावर पर चढ़ गया। युवक की मांग थी कि उसकी सहपाठी प्रेमिका से शादी कराई जाए। सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस में हड़कंप मच गया।

सूरज मुंडा पेटरवार के पढ़ियाटांड़ निवासी जगमोहन मुंडा का पुत्र है। वह बरमसिया ओपी क्षेत्र के चंडीपुर स्थित अपने ननिहाल में रहकर चंदनकियारी प्लस टू उच्च विद्यालय में पढ़ाई करता है।

बताया जाता है कि ननिहाल के बगल में रहने वाली एक किशोरी से उसका प्रेम संबंध था। ग्रामीणों के अनुसार कुछ दिनों पहले किशोरी और उसके स्वजन ने उससे दूरी बना ली थी। इसी से आहत होकर युवक ने शादी की मांग करते हुए फुटबॉल मैदान के समीप स्थित हाईटेंशन बिजली टावर पर चढ़कर जान देने की चेतावनी दी।

घटना की सूचना मिलते ही चंदनकियारी के अंचलाधिकारी रवि आनंद, अंचल निरीक्षक रविंद्र कुमार, चंदनकियारी थाना और बरमसिया ओपी की पुलिस मौके पर पहुंची। सबसे पहले एहतियातन टावर की बिजली आपूर्ति बंद कराई गई। इसके बाद प्रशासन, पुलिस और ग्रामीणों ने करीब साढ़े तीन घंटे तक युवक को समझाने का प्रयास किया।

अंततः ग्रामीणों द्वारा उसकी मांग पर बातचीत कराने और समाधान का आश्वासन दिए जाने के बाद शाम करीब साढ़े छह बजे वह स्वयं टावर से नीचे उतर आया।

टावर से उतरते ही पुलिस ने युवक को चिकित्सकीय जांच के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, चंदनकियारी भेज दिया। इस दौरान पूरे इलाके में अफरातफरी का माहौल रहा और हाईटेंशन टावर के नीचे घंटों तक लोगों का हुजूम लगा रहा। घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी रही।