बोकारो में चाय पी रहे लोगों पर काल बनकर चढ़ा ट्रेलर, दो की मौत; मां-बेटी समेत चार गंभीर
बोकारो के नगेन मोड़ पर एनएच-32 पर एक तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रेलर दो दुकानों में जा घुसा। इस दर्दनाक हादसे ...और पढ़ें

नगेन मोड़ पर अनियंत्रित ट्रेलर दुकानों में घुसा। जागरण
HighLights
नगेन मोड़ पर अनियंत्रित ट्रेलर दुकानों में घुसा।
हादसे में सरदाहा के दो लोगों की मौत हुई।
मां-बेटी सहित चार लोग गंभीर रूप से घायल।
संवाद सहयोगी, पिंड्राजोड़ा (बोकारो)। धनबाद-बोकारो-पुरुलिया को जोड़ने वाले एनएच-32 पर पश्चिम बंगाल सीमा के समीप नगेन मोड़ में रविवार सुबह करीब 6:30 बजे दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। पश्चिम बंगाल की ओर जा रहा एक तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रेलर सड़क किनारे स्थित दो दुकानों में जा घुसा।
हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक महिला और उसकी बेटी समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना में दोनों दुकानें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। घायलों का इलाज चास के एक निजी अस्पताल में चल रहा है। जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह पिंड्राजोड़ा थाना क्षेत्र के नगेनमोड़ स्थित एक दुकान पर कुछ लोग चाय पी रहे थे।
इसी दौरान पश्चिम बंगाल की ओर जा रहा तेज रफ्तार ट्रेलर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित दो दुकानों में जा घुसा। अचानक हुए हादसे से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। दुकानों में मौजूद लोग ट्रेलर की चपेट में आ गए।
सरदाहा के दो लोगों की मौत
मृतकों की पहचान सरदाहा निवासी गुहीराम झा (71 वर्ष), पिता प्रहलाद झा, और सिदाम राय (51 वर्ष), पिता हाड़िराम राय, के रूप में हुई है। बताया जाता है कि गुहीराम झा रविवार सुबह करीब 6:30 बजे सरदाहा से चाय पीने के लिए नगेन मोड़ पहुंचे थे। इसी दौरान हादसा हो गया और उनकी जान चली गई। दुर्घटना में सिदाम राय की भी मौत हो गई।
हादसे में एक महिला और उसकी बेटी समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में जीवनडीह की मां-बेटी, कालिकापुर का एक व्यक्ति और जीवनडीह का एक अन्य व्यक्ति शामिल हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए चास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है।
दुर्घटना में योगाय मांझी द्वारा संचालित पूजा स्वीट होटल समेत दो दुकानें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। ट्रेलर के दुकानों में घुसने से वहां मौजूद लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
