विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बोकारो में थाने के पास चोरी: पहली मंजिल पर सोता रहा दंपती, ग्राउंड फ्लोर से ₹35 लाख का समान ले गए चोर

Published: Sat, 15 Aug 2026 03:21 PM (IST)

बोकारो के चास थाना से कुछ दूरी पर चोरों ने एक घर से करीब 35 लाख रुपये नकद और जेवरात ...और पढ़ें

टूटी खिड़की दिखाते गृहस्वामी। फोटो जागरण

टूटी खिड़की दिखाते गृहस्वामी। फोटो जागरण

HighLights

  1. चास थाना के पास 35 लाख की बड़ी चोरी।

  2. चोरों ने खिड़की का राड उखाड़कर घर में सेंध लगाई।

  3. दंपती पहली मंजिल पर सोता रहा, चोर फरार हुए।

जागरण संवाददाता, बोकारो। चास थाना से महज कुछ दूरी पर महावीर चौक के पास चोरों ने एक बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दिया। मंजू मेडिकल के संचालक धरणीधर चंद्र के घर की खिड़की का राड उखाड़कर चोर अंदर घुसे और करीब 35 लाख रुपये के नकदी व जेवरात लेकर फरार हो गए।

घटना शुक्रवार देर रात की है। जिस कमरे में चोरी हुई, उसके ऊपर पहली मंजिल पर दंपती सो रहा था। शनिवार सुबह घटना की जानकारी मिलने पर चास थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

धरणीधर चंद्र ने बताया कि शुक्रवार रात वह अपनी पत्नी मंजू चंद्र के साथ घर की पहली मंजिल पर सो रहे थे। पत्नी की तबीयत खराब होने के कारण दोनों ग्राउंड फ्लोर पर नहीं सोए थे। रात करीब दो से तीन बजे के बीच चोरों ने ग्राउंड फ्लोर की दक्षिण दिशा की खिड़की का राड उखाड़ दिया और घर के अंदर प्रवेश कर गए।

चोरों ने घर के कमरों को खंगालने के बाद नकदी और सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। सुबह उठने पर दंपती ने देखा कि घर के ताले सुरक्षित हैं, लेकिन सामान बिखरा पड़ा है। इसके बाद खिड़की का राड उखड़ा देखकर चोरी का पता चला।

चोरों ने घर के साथ मंजू मेडिकल को भी निशाना बनाया। संचालक के अनुसार, दुकान की बिक्री की करीब 20 हजार रुपये की नकदी और घर में रखे 35 हजार रुपये भी चोरी हुए।

उन्होंने बताया कि बिजली बिल जमा करने के लिए रुपये रखे गए थे। बच्चों समेत परिवार के सदस्यों के सोने-चांदी के जेवरात भी चोर ले गए। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 35 से लाख रुपये बताई गई है।

धरणीधर ने पुलिस को यह बताया कि उनके घर के आसपास कुछ लोग अक्सर गांजा समेत अन्य नशे का सेवन करते हैं। नशे की हालत में कुछ लोग उनके घर पानी मांगने आते हैं और पानी नहीं देने पर जान से मारने और अन्य प्रकार की धमकी भी देते हैं। उन्होंने ऐसे लोगों पर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ संदिग्धों की जानकारी जुटा रही है।

दो दिन पहले एसपी ने थानेदारों को लगाई थी फटकार

चोरी की यह घटना ऐसे समय हुई है जब दो दिन पहले ही एसपी ने जिले के सभी थानेदारों को चोरी और गृहभेदन की घटनाओं को लेकर कड़ी फटकार लगाई थी।

एसपी ने चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने, पुराने मामलों का खुलासा करने और जेल से बाहर आए संदिग्धों के सत्यापन का आदेश दिया था। इसके बावजूद थाना से कुछ दूरी पर हुई करीब 35 लाख रुपये की चोरी ने पुलिस की गश्ती और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

यह समान हुआ है चोरी

दुकानदार ने थाना को दिए आवेदन में बताया है कि उनके घर दुकान से : 55 हजार रुपये नकद, सोने की दो अंगूठियां, 10 ग्राम का सोने का ताबीज, करीब 25-25 ग्राम के दो हार, 25 ग्राम की सोने की चूड़ी, करीब 20 ग्राम की चूड़ी, आठ-आठ ग्राम के सोने के लाकेट व मांगटीका, चांदी के बाला व कमरधुसनी समेत अन्य गहने व मोबाइल चोरी हुआ है। पुलिस मोबाइल के आधार पर भी जांच कर रही है।

यह भी पढ़ें- रांची एयरपोर्ट के पास जमीन पर सेना का दावा, हाई कोर्ट ने रक्षा मंत्रालय से पूछा- किस आधार पर है स्वामित्व?