यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 06, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
तीन हजार रुपये के लिए की थी गुल्लू की हत्या
महज तीन हजार रुपये के विवाद में दोस्तों ने राजेश उर्फ गुल्लू को मौत के घाट उतार दिया था। हत्याकांड ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, बरेली : महज तीन हजार रुपये के विवाद में दोस्तों ने राजेश उर्फ गुल्लू को मौत के घाट उतार दिया था। हत्याकांड का राजफाश करते हुए शनिवार को दो आरोपित गिरफ्तार कर जेल भेज दिये गए। वारदात में प्रयोग की गई छुरी भी पुलिस ने बरामद की है।
25 फरवरी को श्यामगंज चौकी के पास बने शौचालय के किनारे युवक का शव मिला था। उसकी शिनाख्त सुभाषनगर के मढीनाथ निवासी राजेश उर्फ गुल्लू के रूप में हुई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि के बाद सीसीटीवी फुटेज से पुलिस आरोपितों का पता लगा रही थी। बारादरी पुलिस के मुताबिक, पकड़े गए शकील उर्फ शानू उर्फ नागराज व शाहरुख उर्फ जुल्फकार दोनों राजेश उर्फ गुल्लू के दोस्त थे। आरोपित भी नशे के आदी थे। तीनों साथ नशा करते थे। वारदात से करीब एक माह पूर्व शाहरुख ने गुल्लू से कुछ दिनों के लिए तीन हजार रुपये उधार लिये थे। तय समय के बाद गुल्लू ने शाहरुख से रुपये वापस मांगे लेकिन, उसने नहीं लौटाये। घटना से करीब चार दिन पहले गुल्लू ने शाहरुख का मोबाइल फोन छीन लिया। शकील उर्फ शानू ने गुल्लू से शाहरुख को फोन वापस करने के लिए कहा लेकिन उसने नहीं लौटाया। इसी बात से दोनों आरोपित गुल्लू से रंजिश रखने लगे। घटना के दिन तीनों ने नशा किया। फिर दोनों आरोपित गुल्लू को सार्वजनिक शौचालय के पास ले गए और गर्दन व चेहरे पर छुरी से वार कर उसकी हत्या कर दी और फरार हो गए। मोबाइल फोन और रुपये के लेनदेन के विवाद में दोनों ने गुल्लू की हत्या की बात स्वीकारी।
