शहीद की नाबालिग बेटी से दुष्कर्म करने वाले एएसआइ को दबोचने बिहार गई पुलिस
दुष्कर्म के आरोपित सहायक अवर निरीक्षक राजू सिंह की गिरफ्तारी के लिए पुलिस खाक छान रही है। इस मामले में बीते दिनों आरोपित से चास थाने में पूछताछ की गई थी लेकिन वह अन्य पुलिसकर्मियों को चकमा देकर फरार हो गया।
जागरण संवाददाता, बोकारो: दुष्कर्म के आरोपित सहायक अवर निरीक्षक राजू सिंह की गिरफ्तारी के लिए पुलिस खाक छान रही है। उसे गिरफ्तार करने के लिए पुलिस की टीम बिहार के जहानाबाद गई है। जहानाबाद के अलावा अन्य संभावित ठिकानों पर भी पुलिस दबिश दे रही है। इस मामले में बीते दिनों आरोपित से चास थाने में पूछताछ की गई थी, लेकिन वह अन्य पुलिसकर्मियों को चकमा देकर फरार हो गया।
बता दें कि बीते पांच वर्ष पहले शहीद हुए एक इंस्पेक्टर की चास में रहने वाली 14 वर्षीय बेटी की शिकायत पर चास पुलिस ने बीते 13 तारीख को एएसआइ राजू सिंह के खिलाफ दुष्कर्म की प्राथमिकी दर्ज की थी। दर्ज रिपोर्ट में किशोरी ने बताया था कि दिसंबर 2017 में सहायक अवर निरीक्षक राजू सिंह से बीएस सिटी थाने में जान-पहचान हुई। उसने कहा कि वह उसके पिता के साथ काम कर चुका है। इसके बाद वह फोन पर बात करने लगा। बीते वर्ष 17 मार्च को वह दोपहर में घर आया। उसने छेड़खानी की। जबरन शारीरिक संबंध भी बनाया। धमकी दी कि कि अगर किसी को यह बात बताई तो वह उसकी मां और बाकी लोगों को जेल भेज देगा। किशोरी ने दर्ज रिपोर्ट में बताया था कि दुष्कर्म का उसने वीडियो बना लिया था। उसी वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर वह लगातार उसका शोषण करता रहा। बीते 15 जून को घर वालों ने उसे ऐसा करते पकड़ लिया। उस समय भी उसने घर वालों को जान से मारने की धमकी दी थी।
हिम्मत करके पुलिस अफसरों से मिली: किशोरी का कहना है कि इस माह की पांच तारीख को राजू उसके घर पर आया और मां से कहा कि उससे वह शादी करेगा। शादी के बाद वह रजरप्पा में उसे रखेगा। बहुत जल्द उसे उठाकर ले जाएगा। बहुत हिम्मत कर वरीय अधिकारियों से वह लोग मिले और प्राथमिकी दर्ज कराए।
एसपी ने कर दिया था निलंबित: एसपी ने इस घटना की जानकारी मिलते ही आरोपित एएसआइ को निलंबित कर दिया था।