भाजपा ने हेमंत सरकार के खिलाफ किया प्रदर्शन
गोमिया विधानसभा क्षेत्र के कसमार खैराचातर निवासी भुखल घांसी उसके 20 वर्षीय पुत्र और अब उसकी पुत्री की मौत पर भाजपा ने विरोध शुरू कर दिया है।
करगली : गोमिया विधानसभा क्षेत्र के कसमार खैराचातर निवासी भुखल घांसी, उसके 20 वर्षीय पुत्र और अब उसकी पुत्री की मौत पर भाजपा ने विरोध शुरू कर दिया है। शुक्रवार को चंदनकियारी विधायक सह भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अमर बाउरी के नेतृत्व में सेंट्रल कॉलोनी मकोली एवं चंद्रपुरा में अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर व कैंडल जलाकर आंदोलन की शुरुआत की।
उन्होंने सरकार से भुखल घांसी के आश्रित को 25 लाख मुआवजे व उनके आश्रितों के नियोजन की मांग की। कहा कि यह सरकार अतिसंवेदनशील है, मात्र ट्विटर पर शोक व्यक्त करना जानती है। यही कारण है कि भुखल घांसी व उसकी पुत्री की भूख से हुई मौत पर पर्दा डालने के लिए अधिकारियों से झूठ बोलवाने का काम कर रही है। अधिकारियों की मंसा साफ रहती तो बच्ची का पोस्टमार्टम कराना चाहिए था, जिससे पता चल सकता था कि बच्ची की मौत भूख से हुई या नहीं। कहा कि राज्य की सवा तीन करोड़ जनता इस सरकार के धोखे को समझ चुकी है। मौके पर जिलाध्यक्ष भरत यादव, रोहितलाल सिंह, विनय सिंह, मधुसूदन सिंह, सुरेश दुबे, शंकर रजक, विनोद महतो, अर्चना सिंह, कृष्ण कुमार, धनेश्वर महतो, रामकिकर पांडेय, देवीदास, वीरभद्र सिंह सहित कई लोग मौजूद थे।