भाजपा के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा आज बोकारो में
चंदनकियारी के चंडीपुर में होगी आमसभा सीएम रघुवर दास व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा भी रहेंगे साथ में
जागरण संवाददाता, बोकारो : भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा, मंत्री अर्जुन मुंडा व मुख्यमंत्री रघुवर दास 4 अक्टूबर शुक्रवार को बोकारो के चंदनकियारी प्रखंड आम सभा को संबोधित करेंगे। कार्यकारी अध्यक्ष बनने के बाद जेपी नड्डा व मंत्री बनने के बाद अर्जुन मुंडा का यह पहला कार्यक्रम है। कार्यक्रम में के अनुसार दिन 2 बजे तीनों नेता एक साथ हेलीकाप्टर से कार्यक्रम स्थल चंदनकियारी के चंडीपुर में पहुंचेगा। इसके बाद सभा को संबोधित करने के उपरांत वन विभाग द्वारा बनाए गए अटल स्मृति पार्क का उद्घाटन करेंगे। पार्क में स्थापित स्वामी विवेकानंद एवं पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का अनावरण भी करेंगे। कार्यक्रम को लेकर बोकारो जिला इकाई के साथ आसपास के जिले के सांसद व विधायक के साथ प्रदेश के नेता भी बोकारो पहुंच चुके हैं। आम सभा के माध्यम से पार्टी कोयलांचल क्षेत्र में चुनावी शंखनाद करेगी। यह जानकारी राज्य के भू-राजस्व मंत्री अमर कुमार बाउरी ने दी है। गुरुवार को कार्यक्रम स्थल का जायजा लेने उप विकास आयुक्त रवि रंजन मिश्रा, एसडीओ विजय कुमार चंडीपुर पहुंचे और तैयारी संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश दिया। एसडीओ ने स्वामी विवेकानन्द अटल स्मृति उद्यान का निरीक्षण किया। बोकारो वन प्रमंडल के वन संरक्षक सतीश चंद्र राय ने उद्यान की तैयारी से संबंधित चर्चा किया। ने मौके पर पहुंचकर कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लिया। स्थानीय विधायक सह मंत्री अमर बाउरी स्वयं तैयारी का नेतृत्व व निगरानी में जुटे हुए हैं।