छेड़खानी का आरोपित चिकित्सक गिरफ्तार, थाने में बवाल
छेड़खानी के आरोपित होम्योपैथ चिकित्सक आनंद कुमार झा उर्फ अन्नू झा उर्फ ललटू को बालीडीह थाने की पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तारी कर लिया।
बोकारो : छेड़खानी के आरोपित होम्योपैथ चिकित्सक आनंद कुमार झा उर्फ अन्नू झा उर्फ ललटू को बालीडीह थाने की पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तारी कर लिया। गिरफ्तारी की सूचना मिलने के बाद चिकित्सक पर प्राथमिकी दर्ज कराने वाली युवती अपनी मां के अलावा अन्य परिचित के साथ थाने पहुंच गई। इसके बाद यहां बवाल होने लगा।
बताया जाता है कि थाने पहुंचे सभी लोग आक्रोश में थे। इस दौरान लोगों ने हाजत में बंद आरोपित का कॉलर पकड़ लिया। हालांकि मौजूद पुलिस वाले ऐसा करने से मना करते रहे लेकिन पुलिस की बात किसी ने नहीं सुनी। युवती के साथ आए सेक्टर तीन सी निवासी अमर कुमार राम ने गिरफ्तार आरोपित का गला दबाने की कोशिश की जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। राम सिटी थाना से पहले भी चार मामलों में जेल जा चुका है। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी विनोद कुमार आए जिसके बाद हंगामा शांत हुआ। पुलिस पर लगाया था आरोपित का पक्ष लेने का आरोप : युवती ने होम्योपैथ चिकित्सक अन्नू झा पर छेड़खानी का आरोप लगाया था। कहा था कि वह सात अक्टूबर को डॉक्टर से दिखाने उनके क्लिनिक में गई थी जहां उसके साथ छेड़खानी की गई। पुलिस प्राथमिकी दर्ज करने के बाद आरोपित चिकित्सक को पूछताछ के लिए थाने बुलाई। युवती के साथ-साथ उनके स्वजनों का आरोप था कि पुलिस आरोपित का पक्ष ले रही है। इसी आरोप के आधार पर मंगलवार को लोगों ने हाईवे जाम कर दिया। गिरफ्तारी का आश्वासन मिलने के बाद जाम हटा था।