विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Vaishno Devi: नए साल पर वैष्णो देवी जाने की तैयारी है? 15 दिसंबर के बाद बढ़ सकती भीड़, जानें अभी कैसी चल रही यात्रा

Published: Tue, 24 Nov 2026 06:26 PM (IST)

Vaishno Devi Yatra News: मां वैष्णो देवी की यात्रा बिना किसी बाधा के सुचारु रूप से जारी है, जिसमें श्रद्धालु पूरे उत्साह के साथ भवन की ओर बढ़ रहे हैं। 

मां वैष्णो देवी के दरबार में बिना लंबा इंतजार मिल रहे दर्शन। (फाइल फोटो)

मां वैष्णो देवी के दरबार में बिना लंबा इंतजार मिल रहे दर्शन। (फाइल फोटो)

HighLights

  1. यात्रा बिना किसी परेशानी के सुचारु रूप से जारी है।

  2. श्रद्धालु उत्साह और श्रद्धा के साथ भवन की ओर बढ़ रहे हैं।

  3. दिसंबर मध्य के बाद श्रद्धालुओं की संख्या में वृद्धि की उम्मीद।

जागरण संवाददाता, कटड़ा। मां वैष्णो देवी की यात्रा बिना किसी परेशानी के निरंतर सुचारू रूप से जारी है। मौसम भी लगातार साफ बना हुआ है, जो श्रद्धालुओं की यात्रा को सुगम बनाने में सहायक साबित हो रहा है। हालांकि सर्दी के मौसम के चलते सुबह और शाम के समय ठंडी हवाएं चल रही हैं, लेकिन श्रद्धालुओं के उत्साह और आस्था में कोई कमी देखने को नहीं मिल रही है। मंगलवार को भी श्रद्धालु गर्म कपड़े पहनकर पूरे जोश और श्रद्धा के साथ मां के जयकारे लगाते हुए यात्रा मार्ग से भवन की ओर प्रस्थान करते रहे।

वर्तमान में मां वैष्णो देवी की यात्रा मध्यम स्तर पर जारी है। इसके चलते श्रद्धालुओं को पंजीकरण से लेकर भवन में मां के दिव्य दर्शनों तक किसी विशेष परेशानी का सामना नहीं करना पड़ रहा है। श्रद्धालुओं को बिना अधिक इंतजार किए मां के दर्शन प्राप्त हो रहे हैं।

मां के चरणों में नतमस्तक होकर श्रद्धालु अपने परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना कर रहे हैं। वहीं, भवन में दर्शन करने के उपरांत श्रद्धालु भैरव घाटी पहुंचकर बाबा भैरवनाथ के चरणों में भी हाजिरी लगा रहे हैं।

यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं को मिल रहीं सभी जरूरी सुविधाएं

यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को श्राइन बोर्ड की ओर से उपलब्ध करवाई जा रही सभी आवश्यक सुविधाओं का लाभ मिल रहा है। यात्रा मार्ग पर व्यवस्थाएं सुचारू बनी हुई हैं और श्रद्धालु सुविधाजनक तरीके से अपनी यात्रा पूरी कर रहे हैं। यात्रा पूरी करने के बाद श्रद्धालु आधार शिविर कटड़ा के बाजारों में खरीदारी भी कर रहे हैं, जिसके चलते बाजारों में भी मध्यम स्तर की रौनक देखने को मिल रही है।

नववर्ष के स्वागत के लिए मां के दरबार में उमड़ सकते हैं भक्त

वहीं, स्थानीय व्यापारियों का मानना है कि फिलहाल यात्रा में मध्यम स्तर का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। दिसंबर माह के दूसरे पखवाड़े यानी 15 दिसंबर के बाद नववर्ष के आगमन को लेकर एक बार फिर श्रद्धालुओं की संख्या में बढ़ोतरी होने की उम्मीद है। ऐसे में मां वैष्णो देवी भवन के साथ-साथ आधार शिविर कटड़ा में भी श्रद्धालुओं की अच्छी खासी भीड़ देखने को मिल सकती है।

गौरतलब है कि सोमवार को करीब 20 हजार श्रद्धालुओं ने मां वैष्णो देवी के चरणों में हाजिरी लगाई थी। वहीं, मंगलवार 24 नवंबर को शाम चार बजे तक करीब 16 हजार श्रद्धालु पंजीकरण करवाकर भवन की ओर रवाना हो चुके थे। श्रद्धालुओं के आगमन का सिलसिला लगातार जारी था।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।