विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कटड़ा में मौसम के उतार-चढ़ाव के बीच माता वैष्णो देवी की यात्रा सुचारु, हेलीकॉप्टर सेवा रुक-रुक कर चली

By Rakesh Sharma Edited By: Rahul Sharma
Published: Tue, 14 Jul 2026 07:00 AM (IST)

कटड़ा में मौसम के उतार-चढ़ाव के बावजूद माता वैष्णो देवी की यात्रा पूरे उत्साह के साथ सुचारु रूप से जारी रही। हेलीकॉप्टर सेवा बाधित होने पर भी श्रद्धालु पैदल, घोड़े और पालकी से भवन की ओर बढ़ते रहे, जबकि अन्य सेवाएं सामान्य रहीं। 

कटड़ा में मौसम के बदलते मिजाज के बीच माता वैष्णो देवी यात्रा निर्बाध जारी।

कटड़ा में मौसम के बदलते मिजाज के बीच माता वैष्णो देवी यात्रा निर्बाध जारी।

HighLights

  1. मौसम के उतार-चढ़ाव के बावजूद वैष्णो देवी यात्रा सुचारु रही।

  2. हेलीकॉप्टर सेवा बाधित, पर अन्य यात्रा सुविधाएं जारी रहीं।

  3. 19 हजार से अधिक श्रद्धालु भवन के लिए रवाना हुए।

संवाद सहयोगी, कटड़ा। कटड़ा और त्रिकूट पर्वत पर मौसम आंख-मिचौली खेलता रहा। सुबह से ही कभी आसमान पर घनी धुंध छा जाती तो कुछ देर बाद धूप खिल उठती। मौसम के इस बदलाव के बावजूद मां वैष्णो देवी की यात्रा पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ सुचारु रूप से चलती रही।

सबसे बड़ी राहत की बात यह रही कि दिनभर बारिश नहीं हुई, जिससे श्रद्धालुओं को चढ़ाई में आसानी हुई। साथ ही ठंडी हवाओं ने उमस से भी निजात दिलाई, और भक्त जयकारे लगाते हुए भवन की ओर बढ़ते रहे।

सोमवार सुबह जब मौसम कुछ साफ हुआ तो कटड़ा से सांझीछत तक हेलीकॉप्टर सेवा शुरू कर दी गई। कई श्रद्धालुओं ने इस मौके का फायदा उठाया और कुछ ही मिनटों में भवन पहुंच गए। लेकिन यह राहत ज्यादा देर टिक नहीं सकी। दोपहर होते-होते त्रिकूट पर्वत और आसमान पर घने बादलों का जमघट लग गया, जिसके बाद सुरक्षा कारणों से हेलीकॉप्टर सेवा को फिर स्थगित करना पड़ा।

सेवा रुकने के बाद हेलीकॉप्टर का इंतजार कर रहे श्रद्धालुओं ने जरा भी समय नहीं गंवाया। उन्होंने तुरंत पैदल, घोड़ा, पिट्ठू और पालकी का सहारा लिया और 'जय माता दी' के उद्घोष के साथ भवन की ओर कूच कर दिया।

हालांकि मौसम ने हेलीकॉप्टर को रोका, लेकिन यात्रा की दूसरी सुविधाएं लगातार चलती रहीं। बैटरी कार सेवा और भवन से भैरव घाटी जाने वाली रोपवे सेवा बिना किसी रुकावट के श्रद्धालुओं को राहत देती रही। भवन में मां के दिव्य दर्शन के बाद बड़ी संख्या में श्रद्धालु रोपवे से बाबा भैरवनाथ के दर्शन के लिए भी रवाना हुए।

प्रशासन मुस्तैद, श्रद्धालुओं से अपील

यात्रा को पूरी तरह सुरक्षित और सुगम बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड, पुलिस विभाग, सीआरपीएफ और आपदा प्रबंधन दल के जवान यात्रा मार्ग पर जगह-जगह तैनात हैं। हर गतिविधि पर सीसीटीवी और अधिकारियों की नजर बनी हुई है।

मौसम विभाग ने आने वाले समय में भी मौसम बदलने की संभावना जताई है, जिसे देखते हुए श्राइन बोर्ड प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे जारी दिशा-निर्देशों का पालन जरूर करें। बरसात का मौसम देखते हुए अधिकतर श्रद्धालु अपने साथ हल्के गर्म कपड़े, बरसाती, टॉर्च और जरूरी दवाइयां लेकर यात्रा पर निकल रहे हैं।

बाजारों में रौनक, पंजीकरण काउंटर पर भीड़

भवन से लौटने के बाद श्रद्धालुओं का उत्साह कटड़ा के बाजारों में भी दिखा। माता के दर्शन के बाद भक्त बाजारों में प्रसाद, चुनरी, सूखे मेवे और धार्मिक वस्तुओं की खरीदारी करते नजर आए, जिससे बाजारों में खासी रौनक रही।

वहीं नए आने वाले श्रद्धालुओं का सिलसिला भी दिनभर जारी रहा। पंजीकरण काउंटरों पर सुबह से ही भक्तों की कतारें लगी रहीं। परिवार और दोस्तों के साथ आए श्रद्धालु यात्रा पर्ची लेकर पूरे जोश के साथ भवन की ओर बढ़ते रहे।

19 हजार से ज्यादा श्रद्धालु कर चुके प्रस्थान

आंकड़ों की बात करें तो सोमवार शाम चार बजे तक करीब 19 हजार श्रद्धालु पंजीकरण करवाकर भवन के लिए रवाना हो चुके थे। देर शाम तक भी श्रद्धालुओं के आने का सिलसिला जारी था।

अच्छी बात यह है कि फिलहाल मां वैष्णो देवी के सभी यात्रा मार्ग पूरी तरह से सुचारु और सुरक्षित हैं। मौसम भले ही करवट बदल रहा हो, लेकिन श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह में कोई कमी नहीं है। हर कोई माता के दरबार में हाजिरी लगाने के लिए बेकरार दिख रहा है।





देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।