Vaishno Devi Yatra: वैष्णो देवी यात्रा पर जाने वालों के लिए ताजा अपडेट, मौसम पूरी तरह साफ; जानें भीड़ का हाल
Vaishno Devi Yatra Update: साफ मौसम और ठंडी हवाओं के बावजूद हजारों श्रद्धालु उत्साहपूर्वक मां वैष्णो देवी की यात्रा कर ...और पढ़ें

मां वैष्णो देवी के दर्शन के लिए भवन की ओर जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ते श्रद्धालु। फोटो: जागरण |
HighLights
हजारों श्रद्धालु साफ मौसम में उत्साहपूर्वक कर रहे मां वैष्णो देवी यात्रा।
ठंडी हवाओं के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह बरकरार, यात्रा सुगम।
श्राइन बोर्ड द्वारा यात्रियों को सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
जागरण संवाददाता, कटड़ा। पवित्र संक्रांति के शुभ अवसर पर देश-विदेश से हजारों की संख्या में श्रद्धालु आधार शिविर कटड़ा पहुंचे और मां वैष्णो देवी के चरणों में हाजिरी लगाकर परिवार की सुख-समृद्धि एवं सुख-शांति की कामना की। सोमवार को मौसम पूरी तरह साफ रहा और दिनभर धूप खिली रही। हालांकि, ठंडी हवाओं का दौर लगातार जारी रहा, लेकिन इसके बावजूद श्रद्धालुओं के उत्साह में कोई कमी देखने को नहीं मिली।
सुबह से ही श्रद्धालु पंजीकरण करवाने के बाद अपने परिवार और मित्रों के साथ जय माता दी के जयकारे लगाते हुए मां वैष्णो देवी भवन की ओर रवाना होते रहे। पवित्र संक्रांति के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने मां के दरबार में माथा टेका। वहीं, मां वैष्णो देवी के दर्शन करने के उपरांत श्रद्धालु बाबा भैरवनाथ के चरणों में हाजिरी लगाने के लिए भैरव घाटी की ओर भी रवाना हुए।
वर्तमान में मां वैष्णो देवी भवन से लेकर यात्रा मार्ग और आधार शिविर कटड़ा तक श्रद्धालुओं की लगातार चहल-पहल बनी हुई है। यात्रा पूरी करने के बाद श्रद्धालु कटड़ा के बाजारों में प्रसाद एवं अन्य सामान की खरीदारी भी कर रहे हैं, जिससे बाजारों में रौनक बनी हुई है।
वैष्णो देवी यात्रा मार्ग पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
दूसरी ओर, श्रद्धालुओं की यात्रा को सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक बनाए रखने के लिए श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड प्रशासन, आपदा प्रबंधन विभाग, पुलिस और सीआरपीएफ के अधिकारी एवं जवान यात्रा मार्ग पर पूरी तरह से तैनात हैं।
संबंधित विभागों के अधिकारी लगातार यात्रा व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
ठंड से बचाव के लिए गर्म कपड़े साथ रख रहे श्रद्धालु
सर्दी के मौसम को देखते हुए श्रद्धालु एहतियात के तौर पर गर्म कपड़े साथ लेकर यात्रा कर रहे हैं। वहीं, श्राइन बोर्ड प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं को यात्रा मार्ग पर सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं।
गौरतलब है कि रविवार को लगभग 28,500 श्रद्धालुओं ने मां वैष्णो देवी के चरणों में हाजिरी लगाई थी। वहीं, सोमवार शाम पांच बजे तक करीब 19,000 श्रद्धालु पंजीकरण करवाकर भवन की ओर रवाना हो चुके थे। देर शाम तक श्रद्धालुओं के कटड़ा पहुंचने और यात्रा पर रवाना होने का सिलसिला लगातार जारी रहा।