मां वैष्णो देवी यात्रा पर जा रहे हैं तो पढ़ें यह खबर, जानें कटड़ा से भवन तक मौसम, भीड़ और सुविधाओं का अपडेट
Vaishno Devi News: सर्द हवाओं के बावजूद श्रद्धालु पूरे उत्साह के साथ मां वैष्णो देवी की यात्रा कर रहे हैं। मौसम साफ रहने से हेलीकॉप्टर, बैटरी कार सहित सभी सेवाएं सुचारु हैं, और यात्रा में श्रद्धालुओं की भीड़ बनी हुई है।

सर्द हवाओं के बीच मां वैष्णो देवी के दिव्य दर्शन के लिए जाते श्रद्धालु। (फोटो: जागरण)
HighLights
सर्द हवाओं के बावजूद वैष्णो देवी यात्रा में श्रद्धालुओं का उत्साह।
हेलीकॉप्टर, बैटरी कार सहित सभी यात्रा सेवाएं सुचारु रूप से जारी।
दैनिक 20-25 हजार श्रद्धालु कर रहे मां वैष्णो देवी के दर्शन।
जागरण संवाददाता, कटड़ा। सर्द हवाओं के बीच भी श्रद्धालुओं का मां वैष्णो देवी की यात्रा को लेकर उत्साह बरकरार है। मौसम में ठंडक बढ़ने के बावजूद श्रद्धालु पूरे जोश के साथ परिवार और मित्रों सहित मां के दरबार में पहुंच रहे हैं। सोमवार को भी मौसम सामान्य रहा और दिनभर धूप खिली रही। हालांकि, लगातार चल रही ठंडी हवाओं के कारण श्रद्धालु गर्म कपड़े पहनकर यात्रा करते नजर आए।
मां वैष्णो देवी की यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं। हेलीकॉप्टर सेवा, बैटरी कार सेवा, रोपवे तथा घोड़ा, पिट्ठू और पालकी की सेवाएं सुचारू रूप से जारी हैं।
इन सुविधाओं का लाभ उठाकर श्रद्धालु अपनी सुविधानुसार यात्रा पूरी कर रहे हैं। यात्रा मार्ग पर स्थित विभिन्न धार्मिक स्थलों के दर्शन करने के साथ श्रद्धालु पवित्र गर्भ जून गुफा में भी माथा टेककर पुण्य लाभ प्राप्त कर रहे हैं।
दर्शन के बाद कटड़ा के बाजारों में खरीदारी का उत्साह
मां वैष्णो देवी भवन पहुंचने पर श्रद्धालु मां के चरणों में शीश नवाकर परिवार की सुख-समृद्धि और शांति की कामना कर रहे हैं। इसके उपरांत बड़ी संख्या में श्रद्धालु भैरव घाटी पहुंचकर बाबा भैरवनाथ के दर्शन कर अपनी यात्रा पूर्ण कर रहे हैं। वहीं, यात्रा पूरी करने के बाद श्रद्धालु आधार शिविर कटड़ा के बाजारों में प्रसाद और अन्य सामान की खरीदारी भी कर रहे हैं, जिससे बाजारों में भी रौनक बनी हुई है।
रोजाना 20 से 25 हजार श्रद्धालु कर रहे मां वैष्णो देवी के दर्शन
वर्तमान में मां वैष्णो देवी की यात्रा का दैनिक आंकड़ा करीब 20 हजार से 25 हजार के बीच बना हुआ है, जबकि सप्ताहांत यानी शुक्रवार, शनिवार और रविवार को श्रद्धालुओं की संख्या बढ़कर 28 हजार से 35 हजार के बीच पहुंच रही है। ठंड का असर बढ़ने के साथ ही श्रद्धालुओं में यात्रा को लेकर उत्साह भी देखने को मिल रहा है। यात्रा मार्ग से लेकर भवन परिसर और आधार शिविर कटड़ा तक श्रद्धालुओं की चहल-पहल बनी हुई है।
रविवार को करीब 24,200 श्रद्धालुओं ने मां वैष्णो देवी के चरणों में हाजिरी लगाई थी, जबकि सोमवार को दोपहर तीन बजे तक लगभग 18 हजार श्रद्धालु पंजीकरण करवाकर भवन की ओर रवाना हो चुके थे। श्रद्धालुओं के कटड़ा पहुंचने का सिलसिला लगातार जारी था।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।