मां वैष्णो देवी जा रहे हैं तो गर्म कपड़े साथ रखें, दिन में धूप पर बर्फीली हवाएं चल रहीं; जानें यात्रा का अपडेट
Vaishno Devi News: ठंडी हवाओं के बावजूद श्रद्धालु उत्साह और श्रद्धा के साथ मां वैष्णो देवी की यात्रा कर रहे हैं। साफ मौसम और धूप के बीच यात्रा मार्ग पर सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे भक्तों को कोई परेशानी न हो।

कटड़ा से भवन तक श्रद्धालुओं के लिए सुगम हुई यात्रा। (फाइल फोटो)
जागरण संवाददाता, कटड़ा। मौसम साफ रहने और दिनभर धूप खिलने के बीच वीरवार को भी मां वैष्णो देवी की यात्रा उत्साह और श्रद्धा के साथ जारी रही। ठंडी हवाओं का दौर लगातार बना रहने के बावजूद श्रद्धालुओं के उत्साह में कोई कमी देखने को नहीं मिली। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने मां वैष्णो देवी के दरबार में माथा टेककर परिवार की सुख-समृद्धि और सुख-शांति की कामना की।
वीरवार सुबह से ही आधार शिविर कटड़ा में श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। पंजीकरण करवाने के बाद श्रद्धालु अपने परिवार और मित्रों के साथ जय माता दी के जयकारे लगाते हुए मां के भवन की ओर रवाना होते रहे।
दिनभर यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही। मां के दिव्य दर्शन करने के उपरांत कई श्रद्धालु बाबा भैरवनाथ के दरबार में हाजिरी लगाने के लिए भैरव घाटी की ओर भी रवाना हुए।
भवन से कटड़ा तक श्रद्धालुओं की हल्की चहल-पहल
वर्तमान में मां वैष्णो देवी भवन से लेकर यात्रा मार्ग और आधार शिविर कटड़ा तक श्रद्धालुओं की हल्की चहल-पहल बनी हुई है। यात्रा पूरी करने के बाद श्रद्धालु कटड़ा के बाजारों में प्रसाद और अन्य सामान की खरीदारी भी कर रहे हैं, जिससे बाजारों में रौनक देखने को मिल रही है।
सर्दी से बचाव के लिए गर्म कपड़े पहनकर यात्रा कर रहे श्रद्धालु
वहीं, श्रद्धालुओं की यात्रा को सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक बनाए रखने के लिए श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड प्रशासन, आपदा प्रबंधन विभाग, पुलिस और सीआरपीएफ के अधिकारी एवं जवान यात्रा मार्ग पर तैनात हैं। संबंधित विभागों के अधिकारी लगातार यात्रा व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
सर्दी के मौसम को देखते हुए श्रद्धालु एहतियात के तौर पर गर्म कपड़े पहनकर और आवश्यक सामान साथ लेकर यात्रा कर रहे हैं। श्राइन बोर्ड प्रशासन की ओर से भी यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं को सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं।
कटड़ा में श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी
वीरवार को बाद दोपहर तीन बजे तक करीब 12 हजार श्रद्धालु पंजीकरण करवाकर मां वैष्णो देवी भवन की ओर रवाना हो चुके थे। देर शाम तक आधार शिविर कटड़ा में श्रद्धालुओं के पहुंचने और पंजीकरण करवाकर यात्रा पर रवाना होने का सिलसिला लगातार जारी रहा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।