विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बेझिझक आएं श्रद्धालु... नवरात्र के लिए वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड तैयार, RFID कार्ड से लेकर मौसम तक जानें जरूरी अपडेट

Published: Tue, 06 Oct 2026 07:00 AM (IST)

श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने शारदीय नवरात्रों के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। 11 अक्टूबर से ...और पढ़ें

नवरात्रों को लेकर श्राइन बोर्ड की तैयारियां पूरी। (जागरण फोटो)

नवरात्रों को लेकर श्राइन बोर्ड की तैयारियां पूरी। (जागरण फोटो)

HighLights

  1. शारदीय नवरात्र 11 अक्टूबर से, चार लाख श्रद्धालु अपेक्षित।

  2. श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा हेतु व्यापक प्रबंध किए गए।

  3. भव्य सजावट, शतचंडी महायज्ञ, दिव्यांगों को विशेष सुविधा।

जागरण संवाददाता, कटड़ा। पवित्र शारदीय नवरात्रों के मद्देनजर श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। आगामी 11 अक्टूबर से शुरू होने वाले नवरात्रों में इस बार करीब चार लाख श्रद्धालुओं के मां वैष्णो देवी के दरबार में पहुंचने की संभावना है।

नवरात्रों के दौरान प्रतिदिन करीब 40 से 45 हजार श्रद्धालु मां के दर्शन के लिए पहुँचेगे । श्राइन बोर्ड ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे बेझिझक और जोश व श्रद्धा के साथ मां के दरबार आएं।

दैनिक जागरण से विशेष बातचीत में श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड के सीईओ सचिन कुमार वैश्य ने कहा कि नवरात्रों को लेकर श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, स्वच्छता, स्वास्थ्य और यात्रा प्रबंधन से जुड़ी सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

उन्होंने कहा कि नवरात्रों के दौरान भवन की भव्य सजावट श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी। श्रद्धालु मां के दिव्य दर्शन के साथ भवन परिसर और यात्रा मार्ग पर की गई आकर्षक सजावट का भी आनंद ले सकेंगे।

बारिश में भी नहीं रुकेगी यात्रा

मौसम विभाग की ओर से 10 से 12 अक्टूबर के बीच खराब मौसम और बारिश की संभावना जताई गई है। इस संबंध में सीईओ ने कहा कि बारिश श्रद्धालुओं की यात्रा में बाधा न बने, इसके लिए यात्रा मार्ग के प्रमुख स्थानों पर प्रतीक्षा हाल तैयार रखे गए हैं। यदि मौसम खराब होता है या अधिक बारिश होती है तो श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्थानों पर रोका जाएगा और मौसम में सुधार होने के बाद उनकी यात्रा आगे जारी करवाई जाएगी।

श्राइन बोर्ड की ओर से दर्शनी ड्योढ़ी, अर्धकुंवारी, हिमकोटी और सांझीछत सहित यात्रा मार्ग के प्रमुख स्थानों पर प्रतीक्षा हाल की व्यवस्था की गई है। इससे खराब मौसम के साथ ही अधिक भीड़ होने की स्थिति में भी श्रद्धालुओं को सुविधा मिलेगी।

दिव्यांगों को निशुल्क बैटरी कार व घोड़ा सेवा

नवरात्रों के दौरान दिव्यांग श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। उन्हें घोड़ा-खच्चर सेवा के साथ बैटरी कार सेवा भी निशुल्क उपलब्ध करवाई जाएगी। विशेष दर्शन और भोजन की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। वरिष्ठ नागरिकों और जरूरतमंद श्रद्धालुओं को हेलीकॉप्टर, बैटरी कार सहित अन्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए भी विशेष प्रबंध किए गए हैं।

सचिन कुमार वैद्य ने बताया कि इच्छुक श्रद्धालु कटडा स्थित निहारिका कांप्लेक्स के कार्यालय में संपर्क कर इन सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। यात्रा मार्ग पर सूचना केंद्र, सहायता केंद्र और सहायता मित्रों की टीमें भी तैनात रहेंगी, ताकि किसी भी तरह की मदद की जरूरत पड़ने पर श्रद्धालुओं को परेशानी न हो।

9 दिनों तक होगा विशाल शतचंडी महायज्ञ

शारदीय नवरात्रों के दौरान मां वैष्णो देवी भवन परिसर के साथ अर्धकुंवारी मंदिर प्रांगण में विशाल शतचंडी महायज्ञ का आयोजन किया जाएगा। नौ दिनों तक चलने वाले इस धार्मिक आयोजन में करीब 51 प्रकांड पंडित पूजा-अर्चना और हवन यज्ञ करेंगे। पद्मश्री प्रकांड पंडित डॉ. विश्वमूर्ति शास्त्री के सानिध्य में होने वाले इस महायज्ञ में श्रद्धालु भी परिवार सहित भाग ले सकेंगे।

भोजनालयों में उपलब्ध होगा फलाहार 

नवरात्रों के दौरान व्रत रखने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा का भी विशेष ध्यान रखा गया है। भवन परिसर के साथ यात्रा मार्ग पर स्थित श्राइन बोर्ड के भोजनालयों में श्रद्धालुओं के लिए व्रत संबंधी फलाहार उपलब्ध करवाया जाएगा।

ताजे फूलों से होगी भव्य सजावट 

नवरात्रों में मां वैष्णो देवी भवन, अर्धकुंवारी मंदिर, प्रवेश द्वार, दर्शनी ड्योढ़ी, भैरव घाटी और बाबा भैरवनाथ मंदिर सहित प्रमुख स्थानों पर भव्य सजावट की जाएगी। सजावट के लिए करीब 500 कारीगर विभिन्न स्थानों पर पहुंच चुके हैं। इस बार सजावट में करीब 80 प्रतिशत ताजे फूलों और फलों का इस्तेमाल किया जाएगा। इसके लिए भारत के विभिन्न हिस्सों के साथ बर्मा, नेपाल, श्रीलंका, ऑस्ट्रेलिया, स्विट्जरलैंड, ब्रिटेन, ऑस्ट्रिया और डेनमार्क सहित अन्य देशों से फूल मंगवाए जा रहे हैं।

मां वैष्णो देवी के विभिन्न स्वरूपों की थीम पर भवन परिसर की सजावट की जाएगी। जगह-जगह विशाल स्वागत द्वार बनाए जाएंगे। प्राचीन गुफा और कृत्रिम गुफाओं के प्रांगण की विशेष सजावट भी श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र रहेगी। सजावट में करीब 40 ट्रक फूल और लगभग पांच से छह ट्रक फल इस्तेमाल किए जाने की संभावना है। कुछ स्थानों पर कृत्रिम फूलों का भी प्रयोग होगा।

हेलीकॉप्टर व बैटरी कार की अग्रिम बुकिंग फुल 

नवरात्रों के चलते हेलीकॉप्टर सेवा, बैटरी कार, रोपवे, भवन में आवास सहित कई सुविधाओं की ऑनलाइन अग्रिम बुकिंग लगभग पूरी हो चुकी है। और तत्काल सेवाओं के लिए श्रद्धालु कटड़ा में श्राइन बोर्ड के निहारिका काम्प्लेक्स से सम्पर्क कर सकता हैं।

आरएफआईडी यात्रा कार्ड अनिवार्य

मां वैष्णो देवी की यात्रा के लिए आरएफआईडी यात्रा कार्ड अनिवार्य है। बिना आरएफआईडी कार्ड के किसी भी श्रद्धालु को भवन की ओर जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। कटडा में विभिन्न स्थानों पर पंजीकरण कक्ष बनाए गए हैं, जहां श्रद्धालु पंजीकरण करवाकर आरएफआईडी यात्रा कार्ड प्राप्त कर सकते हैं।

दर्शनी ड्योढ़ी, ताराकोट मार्ग के प्रवेश द्वार सहित अन्य प्रवेश स्थानों पर श्राइन बोर्ड, पुलिस और सीआरपीएफ की टीमें तैनात रहेंगी। यात्रा कार्ड की जांच के बाद ही श्रद्धालुओं को भवन की ओर प्रस्थान करने की अनुमति दी जाएगी।