नवरात्र में वैष्णो देवी जाने वालों के लिए जरूरी अपडेट, कटड़ा से भवन तक भारी भीड़; दर्शन से पहले जान लें जरूरी बातें
शारदीय नवरात्र के अवसर पर मां वैष्णो देवी भवन पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है, जिससे पूरा त्रिकूट ...और पढ़ें

शारदीय नवरात्र के दौरान आकर्षक सजावट से जगमगाता मां वैष्णो देवी भवन। फोटो- जागरण
HighLights
मां वैष्णो देवी भवन पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी।
शारदीय नवरात्र में गूंजे मां के जयकारे, भक्तिमय वातावरण।
पवित्र भवन में शत चंडी महायज्ञ जारी, श्रद्धालु ले रहे भाग।
राकेश शर्मा, कटड़ा। कटड़ा से लेकर मां वैष्णो देवी के पवित्र भवन तक शारदीय नवरात्र के अवसर पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। मां के चरणों में हाजिरी लगाने के लिए देश के विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु आधार शिविर कटरा पहुंच रहे हैं। पंजीकरण केंद्रों, दर्शनी ड्योढ़ी, यात्रा मार्ग और भवन परिसर में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं। हर तरफ मां के जयकारे गूंज रहे हैं और पूरा वातावरण भक्तिमय बना हुआ है।
शारदीय नवरात्र के दूसरे दिन सोमवार को मौसम साफ रहने और धूप खिलने से श्रद्धालुओं को यात्रा के दौरान राहत मिली। हालांकि, ठंडी हवाएं लगातार चलती रहीं। श्रद्धालु परिवारों और मित्रों के साथ टोलियां बनाकर मां के भजन गाते तथा जयकारे लगाते हुए भवन की ओर बढ़ते रहे।
भवन पर पहुंचने वाले श्रद्धालु एक ओर आकर्षक सजावट का दीदार कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर विभिन्न स्थानों पर स्थापित पंडालों में नतमस्तक होकर सुख-समृद्धि की कामना कर रहे हैं।

भवन पर शत चंडी महायज्ञ में ले रहे भाग
पवित्र भवन परिसर में जारी विशाल शत चंडी महायज्ञ श्रद्धालुओं के लिए विशेष आस्था का केंद्र बना हुआ है। पद्मश्री सम्मानित प्रकांड विद्वान प्रोफेसर डॉ. विश्वमूर्ति शास्त्री के सानिध्य में विद्वान पंडितों द्वारा हवन, यज्ञ और पूजा-अर्चना की जा रही है। मां के दिव्य दर्शन करने के साथ श्रद्धालु महायज्ञ में भाग लेकर पुण्य लाभ अर्जित कर रहे हैं।
वहीं, धार्मिक स्थल अर्धकुंवारी मंदिर परिसर में भी श्रद्धालुओं की आवाजाही लगातार जारी है। यहां स्थापित यज्ञशाला में पंडितों द्वारा पूजा-अर्चना की जा रही है। पवित्र गर्भजून गुफा के दर्शन के लिए श्रद्धालु कतारों में अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं। श्रद्धालुओं में मां के प्रति अटूट आस्था देखने को मिल रही है।
सुरक्षा और व्यवस्था पर प्रशासन की पैनी नजर
श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए स्थानीय प्रशासन, श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड, पुलिस और सुरक्षा बल पूरी तरह सतर्क हैं। वरिष्ठ अधिकारी लगातार स्थिति का जायजा ले रहे हैं। कटडा और भवन परिसर में स्थापित इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर के माध्यम से यात्रा व्यवस्था पर निगरानी रखी जा रही है।
सभी प्रमुख यात्रा मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस व सुरक्षा बलों के जवान तैनात हैं, ताकि भीड़ का दबाव बढ़ने पर भी यात्रा सुचारू बनी रहे और किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।
भवन परिसर में लगातार उद्घोषणा कर श्रद्धालुओं से अपील की जा रही है कि मां के दर्शन करने के बाद वे अनावश्यक रूप से वहां न रुकें और आधार शिविर कटडा की ओर लौटें। इससे भवन परिसर में भीड़ का दबाव नियंत्रित रखने में मदद मिल रही है।
यात्रा के लिए उपलब्ध हैं विभिन्न सुविधाएं
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए श्राइन बोर्ड की ओर से हेलीकॉप्टर, रोपवे, बैटरी कार, घोड़ा, पिट्ठू और पालकी जैसी सेवाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं। भवन पर दर्शन करने के बाद बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा भैरवनाथ के दर्शन के लिए भैरव घाटी भी पहुंच रहे हैं। इसके अलावा, श्राइन बोर्ड के भोजनालयों में व्रत रखने वाले श्रद्धालुओं के लिए फलाहार की व्यवस्था की गई है।
पहले दिन 47,500 श्रद्धालुओं ने किए दर्शन
नवरात्र के पहले दिन रविवार को करीब 47,500 श्रद्धालुओं ने मां वैष्णो देवी के चरणों में हाजिरी लगाई। वहीं, सोमवार दोपहर 12 बजे तक लगभग 29 हजार श्रद्धालु पंजीकरण करवाकर भवन की ओर रवाना हो चुके थे। श्रद्धालुओं के लगातार कटरा पहुंचने से यात्रा में रौनक बनी हुई है। नवरात्र के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुचारू यात्रा सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभाग लगातार निगरानी कर रहे हैं।
