विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जम्मू: वैष्णो देवी यात्रा मार्ग पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, तीन लोग गिरफ्तार; 160 प्रेगाबालिन कैप्सूल मिले

Published: Thu, 26 Nov 2026 04:04 PM (IST)

रियासी पुलिस ने वैष्णो देवी यात्रा मार्ग पर नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। कटड़ा पुलिस ने तीन पोर्टरों को 160 प्रेगाबालिन कैप्सूल के साथ गिरफ्तार किया है, और मामले की गहन जांच जारी है। 

वैष्णो देवी यात्रा मार्ग पर नशे के खिलाफ एक्शन। (फाइल फोटो)

वैष्णो देवी यात्रा मार्ग पर नशे के खिलाफ एक्शन। (फाइल फोटो)

HighLights

  1. वैष्णो देवी यात्रा मार्ग पर नशे के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई।

  2. कटड़ा पुलिस ने तीन पोर्टरों को 160 प्रेगाबालिन कैप्सूल के साथ पकड़ा।

  3. गिरफ्तार आरोपियों से बरामद कैप्सूल के स्रोत की गहन जांच जारी।

जागरण संवाददाता, कटड़ा। मां वैष्णो देवी के पवित्र यात्रा मार्ग पर नशीले पदार्थों की तस्करी और नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए रियासी पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। इसी अभियान के तहत कटड़ा पुलिस ने यात्रा मार्ग पर मज़दूरी (पोर्टर) का काम करने वाले तीन लोगों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 160 प्रेगाबालिन कैप्सूल बरामद किए हैं।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस थाना कटड़ा की टीम मां वैष्णो देवी के यात्रा मार्ग पर नियमित गश्त और कड़ी निगरानी कर रही थी। इसी दौरान पुलिसकर्मियों ने तीन संदिग्ध व्यक्तियों को रोककर उनकी तलाशी ली।

तलाशी के दौरान उनके पास से 160 प्रेगाबालिन कैप्सूल बरामद हुए। इसके बाद पुलिस ने तीनों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी।

कटड़ा पुलिस थाने में तीनों के खिलाफ FIR दर्ज

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान मोहम्मद मंजूर पुत्र बशीर मोहम्मद, अयूब मोहम्मद पुत्र बशीर मोहम्मद और जमाल दीन पुत्र शरीफ मोहम्मद, निवासी गांव सामोले, तहसील टिकरी, जिला ऊधमपुर के रूप में हुई है। इस संबंध में पुलिस थाना कटड़ा में एफआइआर नंबर 364/2026 के तहत धारा 223 बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। जांच के दौरान बरामद कैप्सूल के स्रोत का पता लगाने के साथ-साथ यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपितों के किसी बड़े नशा सप्लाई नेटवर्क से संबंध तो नहीं हैं।

वैष्णो देवी यात्रा मार्ग पर लगातार जारी रहेगी निगरानी

रियासी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मां वैष्णो देवी के पवित्र यात्रा मार्ग की सुरक्षा और पवित्रता बनाए रखने के लिए निगरानी और गश्त लगातार जारी रहेगी। यात्रा मार्ग पर संदिग्ध गतिविधियों को रोकने के लिए अचानक जांच अभियान भी चलाए जा रहे हैं। पुलिस ने चेतावनी दी है कि यात्रा मार्ग का इस्तेमाल किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि के लिए करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इसके साथ ही पुलिस ने श्रद्धालुओं और यात्रा मार्ग पर सेवाएं देने वाले लोगों से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें और नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में सहयोग करें।


देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।