विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

वैष्णो देवी यात्रा पर जाने का बना रहे हैं प्लान? रोज 25 हजार से ज्यादा भक्त पहुंच रहे; दर्शन के लिए कैसा है माहौल?

Published: Tue, 10 Nov 2026 05:01 PM (IST)

Vaishno Devi Yatra: पर्वों के समाप्त होते ही मां वैष्णो देवी के भक्तों की संख्या में वृद्धि हुई है, जो ...और पढ़ें

मां वैष्णो देवी के दिव्य दर्शन के लिए पवित्र भवन परिसर में मौजूद श्रद्धालु। (फोटो: जागरण)

मां वैष्णो देवी के दिव्य दर्शन के लिए पवित्र भवन परिसर में मौजूद श्रद्धालु। (फोटो: जागरण)

HighLights

  1. पर्वों के बाद वैष्णो देवी में भक्तों की संख्या बढ़ी।

  2. प्रतिदिन 22 से 28 हजार श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच रहे।

  3. श्राइन बोर्ड द्वारा सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

जागरण संवाददाता, कटड़ा। दीपावली सहित अन्य प्रमुख पर्वों का सिलसिला समाप्त होने के साथ ही कटड़ा में मां वैष्णो देवी के दर्शन के लिए पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में एक बार फिर बढ़ोतरी होने लगी है। बीते दो-तीन दिनों के दौरान जहां प्रतिदिन यात्रा का आंकड़ा घटकर 12 से 14 हजार के बीच रह गया था, वहीं अब इसमें तेजी से सुधार देखने को मिल रहा है। वर्तमान में प्रतिदिन श्रद्धालुओं की संख्या 22 से 28 हजार के बीच पहुंच गई है। उम्मीद जताई जा रही है कि आने वाले दिनों में यात्रा में और बढ़ोतरी होगी।

श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने के साथ ही मां वैष्णो देवी के पवित्र भवन परिसर और आधार शिविर कटड़ा में एक बार फिर रौनक लौटने लगी है। भवन मार्ग से लेकर कटड़ा के बाजारों तक श्रद्धालुओं की चहल-पहल देखने को मिल रही है। देश के विभिन्न राज्यों से श्रद्धालु परिवार और मित्रों के साथ मां के दरबार में हाजिरी लगाने के लिए पहुंच रहे हैं।

वहीं, मौसम भी लगातार श्रद्धालुओं का साथ दे रहा है। हालांकि दिन के समय मौसम सामान्य बना हुआ है, लेकिन लगातार चल रही ठंडी हवाओं के कारण सुबह और शाम के समय सर्दी का एहसास होने लगा है। मंगलवार को भी मौसम सामान्य रहा और श्रद्धालु दिनभर पंजीकरण करवाने के बाद उत्साह और श्रद्धा के साथ मां के भवन की ओर रवाना होते रहे।

श्रद्धालुओं के लिए हेलीकॉप्टर से रोपवे तक की सुविधा

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए श्राइन बोर्ड की ओर से सभी आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं। इनमें हेलीकॉप्टर सेवा, बैटरी कार सेवा, रोपवे, घोड़ा, पिट्ठू और पालकी जैसी सुविधाएं शामिल हैं। श्रद्धालु अपनी सुविधानुसार इन सेवाओं का लाभ उठाते हुए सुगम तरीके से यात्रा पूरी कर रहे हैं।

मां वैष्णो देवी के दरबार में उमड़ रहे श्रद्धालु

एक ओर जहां श्रद्धालु बिना किसी विशेष इंतजार के मां वैष्णो देवी के चरणों में शीश नवाकर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर बड़ी संख्या में श्रद्धालु भैरव घाटी पहुंचकर बाबा भैरवनाथ के दर्शन भी कर रहे हैं। इसके बाद यात्रा पूरी कर आधार शिविर कटड़ा लौटने वाले श्रद्धालु स्थानीय बाजारों में प्रसाद और अन्य सामान की खरीदारी कर रहे हैं, जिससे बाजारों में भी रौनक बढ़ने लगी है।

आंकड़ों के अनुसार, सोमवार को करीब 27,200 श्रद्धालुओं ने मां वैष्णो देवी के दरबार में हाजिरी लगाई। वहीं मंगलवार को दोपहर तीन बजे तक करीब 23,500 श्रद्धालु पंजीकरण करवाकर भवन की ओर रवाना हो चुके थे। देर शाम तक श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला लगातार जारी रहा।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।