विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मां वैष्णो देवी के दर्शन अब बिना इंतजार के हो रहे, भक्तों की संख्या में गिरावट; जानें यात्रा का ताजा अपडेट

Published: Mon, 02 Nov 2026 06:14 PM (IST)

Vaishno Devi Yatra: दीपावली के करीब आने से मां वैष्णो देवी यात्रा में श्रद्धालुओं की संख्या घटी है, जिससे भक्तों ...और पढ़ें

मां वैष्णो देवी के दिव्य दर्शनों के लिए भवन की ओर बढ़ते श्रद्धालु। (फोटो- जागरण)

मां वैष्णो देवी के दिव्य दर्शनों के लिए भवन की ओर बढ़ते श्रद्धालु। (फोटो- जागरण)

HighLights

  1. मां वैष्णो देवी यात्रा में श्रद्धालुओं की संख्या घटी।

  2. भक्तों को बिना इंतजार मिल रहे दिव्य दर्शन।

  3. दीपावली तक यात्रियों की संख्या में और कमी।

जागरण संवाददाता, कटड़ा। दीपावली सहित अन्य प्रमुख त्योहारों के नजदीक आने के साथ ही मां वैष्णो देवी की यात्रा में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। बीते सप्ताह तक जहां प्रतिदिन 25 से 30 हजार श्रद्धालु मां के दर्शन के लिए आधार शिविर कटड़ा पहुंच रहे थे, वहीं अब यह संख्या घटकर 15 से 20 हजार के बीच रह गई है। आगामी दिनों में दीपावली तक यात्रा में और गिरावट आने की संभावना है, जबकि भैया दूज के बाद एक बार फिर श्रद्धालुओं की संख्या में बढ़ोतरी होने की उम्मीद जताई जा रही है।

यात्रा में आई इस कमी का सीधा लाभ श्रद्धालुओं को मिल रहा है। यात्रा पंजीकरण से लेकर मां के भवन पर दिव्य दर्शन तक श्रद्धालुओं को लंबा इंतजार नहीं करना पड़ रहा है। उन्हें कतारों में खड़े रहने से भी राहत मिल रही है। श्रद्धालु अपने परिवार और मित्रों के साथ पूरे उत्साह एवं श्रद्धा के साथ मां के दरबार में हाजिरी लगाने के लिए भवन की ओर रवाना हो रहे हैं।

कटड़ा से भवन मार्ग तक मौसम रहा सामान्य

सोमवार को आधार शिविर कटड़ा सहित मां वैष्णो देवी के भवन मार्ग पर मौसम सामान्य बना रहा। इससे श्रद्धालुओं को यात्रा के दौरान किसी प्रकार की विशेष परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा।

वहीं, श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए हेलीकॉप्टर, बैटरी कार, रोपवे, घोड़ा, पिट्ठू और पालकी सहित विभिन्न सेवाएं लगातार उपलब्ध करवाई जा रही हैं। श्रद्धालु अपनी सुविधानुसार इन सेवाओं का लाभ उठाकर मां के दरबार तक पहुंच रहे हैं।

प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, सोमवार को दोपहर तीन बजे तक करीब 12 हजार श्रद्धालु यात्रा पंजीकरण करवाकर मां के भवन की ओर रवाना हो चुके थे। देर शाम तक श्रद्धालुओं के कटड़ा पहुंचने और यात्रा पंजीकरण करवाने का सिलसिला जारी रहा।

यात्रियों की संख्या घटने से कटड़ा में भीड़ कम

यात्रा में गिरावट के चलते आधार शिविर कटड़ा में भी इन दिनों पहले की अपेक्षा कम भीड़ देखने को मिल रही है। इसका फायदा श्रद्धालुओं को यात्रा के हर पड़ाव पर मिल रहा है। कम भीड़ के कारण वे बिना अधिक इंतजार किए मां के दिव्य दर्शन कर रहे हैं और सुविधाजनक ढंग से अपनी यात्रा पूरी कर रहे हैं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।