विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जम्मू के उधमपुर में सनसनीखेज वारदात, खाली प्लॉट में मिला महिला का शव; कपड़े भी गायब

Published: Sat, 31 Oct 2026 12:28 PM (IST)

उधमपुर के दंदेयाल इलाके में एक खाली प्लाट से अज्ञात महिला का नग्न शव मिला, जिससे इलाके में सनसनी फैल ...और पढ़ें

उधमपुर के दंदेयाल इलाके में बरामद हुआ अज्ञात महिला का शव।

उधमपुर के दंदेयाल इलाके में बरामद हुआ अज्ञात महिला का शव।

HighLights

  1. दंदेयाल में खाली प्लाट से मिला अज्ञात महिला का नग्न शव।

  2. शव से 300 मीटर दूर संदिग्ध इको वैन और सामान बरामद।

  3. पुलिस ने हत्या की आशंका पर जांच शुरू की, पहचान जारी।

जागरण संवाददाता, उधमपुर। उधमपुर शहर के दंदेयाल इलाके में शनिवार सुबह एक खाली प्लाट से अज्ञात महिला का नग्न शव मिलने से सनसनी फैल गई। शव नीला पड़ चुका था और उससे तेज दुर्गंध आ रही थी। घटनास्थल से करीब 300 मीटर दूर टूटी हालत में मिली एक इको वैन और आसपास बिखरे संदिग्ध सामान ने मामले को और उलझा दिया है। प्रारंभिक परिस्थितियां महिला की हत्या कर शव को यहां ठिकाने लगाए जाने की आशंका जता रही हैं।

जानकारी के अनुसार, शव सीईओ कार्यालय से कुछ दूरी पर स्थित चारदीवारी वाले खाली प्लाट में सुबह छह बजे महिला का नग्न शव मिला। चारदिवारी वाले प्लाट के सामने वाले हिस्से में ताला लगा हुआ था, जबकि पीछे की तरफ दीवार पहले ढह कर टूटी हुई थी।

इसी रास्ते से पास में रहने वाला गुज्जर-बकरवाल परिवार अपने मवेशियों को प्लाट के अंदर बांधता था। शनिवार सुबह करीब छह बजे परिवार की महिला मवेशियों को देखने पहुंची तो उन्हें डरा हुआ और एक तरफ जमा पाया। नीचे कुछ पड़ा होने की बात उसने अपने पति शौकत अली को बताई।

इसके बाद उसने बाहर से प्लाट में देखा तो वहां महिला का शव पड़ा दिखाई दिया। इसके बाद आसपास के दुकानदारों और लोगों को इसकी सूचना दी गई।

शनिवार सुबह मवेशियों को डरा हुआ देखकर पत्नी को हुआ शक

शौकत अली ने बताया कि उनका परिवार पिछले दो दशक से यहां हर वर्ष यहीं आकर रहते हैं। इस बार भी करीब 20-25 दिन पहले भी यहां आए हैं। उन्होंने बताया कि प्लाट की पिछली तरफ दीवार पहले से टूटी हुई है और उसी रास्ते से वह अपने मवेशियों को अंदर बांधते हैं।

शुक्रवार देर शाम को जब मवेशियों को बांधते समय वहां कोई शव नहीं था। शनिवार सुबह पत्नी ने मवेशियों को डरा हुआ देखकर नीचे कुछ पड़ा होने की बात बताई। बाहर से देखने पर महिला का शव नजर आया।

शव से 300 मीटर दूर मिली संदिग्ध इको वैन

सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। इस दौरान शव से करीब 300 मीटर दूर एक संदिग्ध इको वैन (जेके02डीएल5633) मिली। वैन पास की टकराई हुई थी और उसका दरवाजा टूटा हुआ था और उसके अंदर से भी शव जैसी तेज दुर्गंध आ रही थी।

वैन में चिप्स के पैकेट, महिला की टूटी हुई चूड़ी और एक बोरी मिली। वहीं, पास की झाड़ियों में एक दुपट्टा भी पड़ा मिला, जिससे भी दुर्गंध आ रही थी। माना जा रहा है कि महिला की हत्या कहीं और कर उसके शव को बोरी में डाल वैन से यहां लाया गया और ठिकाने लाने के लिए प्लाट में फेंका गया।

इस काम को अकेले व्यक्ति द्वारा अंजाम देने की संभावना भी कम है, इसलिए कहा जा रहा है कि इसमें एक से अधिक लोग शामिल हो सकते हैं। क्योंकि वैन शव मिलने वाली जगह से 300 मीटर दूर मिली है। हालांकि इन वस्तुओं और वैन का महिला की मौत से कोई संबंध है या नहीं, इसकी जांच की जा रही है।

महिला की पहचान के लिए जुटी पुलिस

पुलिस ने फारेंसिक जांच के साथ आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद शव और वैन को कब्जे में ले लिया है। फिलहाल महिला की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं। समाचार लिखे जाने तक शव की पहचान नहीं हो पाई थी। महिला की मौत के कारणों और घटनास्थल तक शव पहुंचने के घटनाक्रम का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।