डोगरों के हक के लिए है लड़ाई: हर्ष देव
संवाद सहयोगी ऊधमपुर सोमवार को ऊधमपुर के मिनी स्टेडियम में पैंथर्स पार्टी की महारैली हु
संवाद सहयोगी, ऊधमपुर: सोमवार को ऊधमपुर के मिनी स्टेडियम में पैंथर्स पार्टी की महारैली हुई। पार्टी के मुख्य संरक्षक प्रोफेसर भीम सिंह, पार्टी के चेयरमैन एवं उम्मीदवार हर्ष देव सिंह, राज्य प्रधान बलवंत सिंह मनकोटिया व अन्य वरिष्ठ नेता मुख्य भी उपस्थित थे।
इस मौके पर कार्यकर्ताओं ने पार्टी चेयरमैन एवं उम्मीदवार हर्ष देव सिंह एवं राज्य प्रधान बलवंत सिंह मनकोटिया का गर्मजोशी से स्वागत किया। जनसभा को संबोधित करते हुए हर्ष देव सिंह ने कहा कि डोगरों के इतिहास को कायम रखने के लिए मात्र पैंथर्स पार्टी को वोट करके लोकसभा भेजना समय की सबसे बड़ी जरूरत है, क्योंकि पिछले 70 वर्षों में यहां से चुने गए सांसदों ने लोकसभा में सिर्फ कश्मीर का नाम लिया है। आज स्थिति यह है कि बाहरी राज्यों में यह पता ही नहीं है कि जम्मू-कश्मीर में डोगरा भी रहते हैं। उन्होंने स्थानीय सांसद जितेंद्र सिंह को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि वे सिर्फ प्रधानमंत्री के नाम पर आम जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं, क्योंकि वह पिछले 5 वर्षों में अपनी पहचान आम जनता में नहीं बना सके हैं। इसका नतीजा है कि उनके खिलाफ जनता में भारी रोष है। हर्ष देव ने कहा कि पिछले वर्षों में यहां से कई पार्टियों के सांसद चुनकर तो गए हैं, लेकिन वे वहां जाकर सिर्फ कश्मीर के गुणगान करते हैं। जम्मू के लोगों को पूरी तरीके से नजरअंदाज करते हैं।
उन्होंने अन्य उम्मीदवारों पर भी निशाना साधते हुए कहा कि वे सिर्फ अपने फायदे के लिए हमेशा पार्टियां बदलते रहते हैं, ताकि उनका निजी फायदा होता रहे। पैंथर्स पार्टी के राज्य प्रधान बलवंत सिंह मनकोटिया ने डोगरों की पहचान बरकरार रखने पर जोर दिया।