Udhampur News: बनिहाल बाईपास इसी वर्ष बनकर होगा तैयार, जाम से मिलेगा छुटकारा, 224 करोड़ की है परियोजना
Udhampur News जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर रामबन जिले के बनिहाल में 2.39 किलोमीटर लंबा बाईपास इसी वर्ष के अंत तक तैयार हो जाएगा। इसे दिसंबर में यातायात के लिए खोला जा सकता है। यह परियोजना 224 करोड़ रुपये की है।
जागरण संवाददाता, ऊधमपुर: जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर रामबन जिले के बनिहाल में 2.39 किलोमीटर लंबा बाईपास इसी वर्ष के अंत तक तैयार हो जाएगा। इसे दिसंबर में यातायात के लिए खोला जा सकता है। यह परियोजना 224 करोड़ रुपये की है। इसके पूरा होने से यात्रियों को बनिहाल में ट्रैफिक जाम से छुटकारा मिलेगा। जम्मू-श्रीनगर राजमार्ग बनिहाल बाजार के बीच से गुजरता है। इसकी वजह से बनिहाल कस्बे में दिन भर जाम लगता है।
परियोजना पर काम कर रही आरएबीसीसी
परियोजना पर काम कर रही आरएबीसीसी के परियोजना निदेशक सुजय पाल के मुताबिक बनिहाल बाईपास को निर्धारित समयसीमा जनवरी, 2024 के भीतर पूरा होने की उम्मीद है। यहां बन रहे 53 वायडक्ट में से सिर्फ खारपोरा इलाके में एक दर्जन वायडक्ट का काम ही शेष है। उन्होंने कहा कि काम में लगे लोगों में अधिकतर स्थानीय हैं। बाईपास बनाने का काम 2021 में शुरू हुआ था। हालांकि, आरएएमकेवाई इंफ्रास्ट्रक्चर को वर्ष 2010 में इसका ठेका मिला था।
एनएचएआइ ने 2017 में कंपनी को किया था ब्लैक लिस्ट
काम शुरू करने में विफल रहने पर एनएचएआइ ने 2017 में इस कंपनी को ब्लैक लिस्ट कर बाईपास का नए सिरे से टेंडर किया था। बनिहाल बाईपास के काम की निगरानी कर रहे एसडीएम बनिहाल जहीर अब्बास के अनुसार परियोजना को पूरा करने की समय सीमा जनवरी, 2024 है। मगर निर्माण कर रही कंपनी ने दिसंबर, 2023 तक काम पूरा करने का आश्वासन दिया है।
बनिहाल व्यापार मंडल के उपाध्यक्ष मुख्तियार नबी ने कहा कि लगभग 15 साल बीत चुके हैं। मगर काम शुरू होने में देरी ने मुश्किलें बढ़ाई हैं। दक्षिण कश्मीर के काजीगुंड को 8.5 किलोमीटर लंबी नवयुग सुरंग के जरिये जम्मू को जोड़ने वाला बनिहाल राजमार्ग पर स्थित महत्वपूर्ण कसबा है।