विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

उधमपुर में रीछ का खूनी हमला, पहले जमीन पर गिराकर ग्रामीण को दबोचा; फिर बचाने आए चार साथियों को भी नोंचा

Published: Fri, 27 Nov 2026 03:36 PM (IST)

Udhampur News: उधमपुर की पंचैरी तहसील के चूलना में एक रीछ ने पांच लोगों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया, जिनमें से तीन की हालत गंभीर है और उन्हें जीएमसी ऊधमपुर रेफर किया गया है। 

उधमपुर के चूलना में रीछ ने 5 लोगों पर किया हमला। (फोटो- जागरण)

उधमपुर के चूलना में रीछ ने 5 लोगों पर किया हमला। (फोटो- जागरण)

HighLights

  1. चूलना में रीछ के हमले से पांच लोग घायल हुए।

  2. तीन गंभीर घायलों को जीएमसी ऊधमपुर रेफर किया गया।

  3. वन्यजीव विभाग हमलावर रीछ की तलाश में जुटा है।

जागरण संवाददाता, उधमपुर। उधमपुर की पंचैरी तहसील के चूलना में रीछ के हमले की एक और घटना ने ग्रामीणों में दहशत पैदा कर दी है। शुक्रवार सुबह चूलना के वार्ड नंबर दो से घराट पर देसी मक्की का आटा लेने जा रहे पांच लोगों पर अचानक रीछ ने हमला कर दिया। डढान इलाके में जंगल से निकलकर आए रीछ ने सबसे पहले सुनाक सिंह को निशाना बनाया और उसे जमीन पर गिराकर दबोच लिया।

साथी को बचाने के लिए आगे आए चार अन्य लोगों पर भी रीछ ने हमला कर उन्हें घायल कर दिया। घटना में पांचों लोग जख्मी हुए हैं, जिनमें से तीन की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें जीएमसी ऊधमपुर रेफर किया गया है।

मक्की का आटा लेने जा रहे पांच लोगों पर रीछ का हमला

घायलों के साथ जीएमसी उधमपुर पहुंचे चूलना वार्ड नंबर दो के स्थानीय निवासी अंग्रेज सिंह व वन्य जीव संरक्षण विभाग के अधिकारियों ने बताया कि हमला वार्ड नंबर दो के पास सुबह साढ़े आठ बजे के करीब उस समय हुआ, जब पांच लोग घराट से देसी मक्की का आटा लेने जा रहे थे।

इसी दौरान अचानक जंगल से निकलकर आए रीछ ने उन पर हमला कर दिया। रीछ के हमले से अफरा-तफरी मच गई। साथियों को बचाने के लिए लोगों ने शोर मचाया। आसपास के ग्रामीण भी आवाज सुनकर मौके पर जमा हो गए।

लोगों के शोर मचाने पर रीछ वहां से भाग निकला, जिसके बाद घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। वन्य जीव संरक्षण विभाग के मुताबिक समूह में तीन चार महिलाएं भी थी, लेकिन वह पहले आगे जा चुकी थी।

साथी को बचाने की कोशिश में चार अन्य लोग भी हुए घायल

वन्य जीव विभाग के मुताबिक रीछ ने लबसे पहले सुनाक सिंह पर हमला कर उसे जमीन पर गिरा कर दबोच लिया। उसे बचाने पहुंचे चार अन्य लोगों पर भी रीछ ने हमला किया। जिससे किसी की गर्दन, किसी बाजू और किसी की टांग पर रीछ के पंजे से घाव हुए हैं। इसके अलावा बचाव के दौरान गिरने से भी चोटें आई है।

सुनाक सिंह के अलावा अन्य घायलों की पहचान दर्शन कुमार पुत्र फिरंगी राम, चैन सिंह पुत्र शेरू, बलविंद्र सिंह पुत्र बलवंत सिंह और कुलदीप सिंह पुत्र बलवंत सिंह के रूप में बताई गई है। सभी घायलों को एंबुलेंस से पीएचसी पंचैरी लाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल सुनाक सिंह सहित तीन लोगों को जीएमसी ऊधमपुर रेफर किया गया।

जहां उनका उपचार जारी है। वन्य जीव संरक्षण विभाग के मुताबिक सभी स्वास्थ्य विभाग की ओर से मदद पहुंचाई गई। सभी घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से पीएचसी पंचैरी ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद तीन घायलों को बेहतर इलाज के लिए जीएमसी ऊधमपुर रेफर कर दिया गया।

रीछ की तलाश में जंगल खंगाल रही टीमें

घटना की सूचना मिलने के बाद वन्यजीव संरक्षण विभाग की टीम रेंज अधिकारी एसएस चिब के नेतृत्व में डढान पहुंची। टीम ने घटनास्थल का जायजा लेने के साथ ग्रामीणों से बातचीत कर हमले से जुड़ी जानकारी जुटाई।

स्थानीय स्तर पर रीछों की आवाजाही को लेकर पहले से ही चिंता बनी हुई है और इलाके में रीछ को पकड़ने के लिए विभाग की टीम ग्रामीणों के साथ पूरे इलाके के जंगलों में खोज अभियान चला रही है।

रीछ को पकड़े के लिए पहले से पिंजरे लगाए गए हैं। ताजा हमले के बाद विभाग इन पिंजरों की लोकेशन बदल करने पर विचार कर रहा है। जिससे की रीछ को पकड़ा जा सके।

पिछले महीने रीछ के हमलों की पांच घटनाएं

जिले में अक्तूबर माह के दौरान रीछ के हमलों की पांच घटनाएं सामने आई थीं। इनमें सबसे अधिक तीन घटनाएं पंचैरी तहसील के चूलना इलाके में हुईं, जहां 9, 11 और 19 अक्तूबर को रीछ ने अलग-अलग हमलों में लोगों को घायल किया। लगातार हमलों के कारण चूलना और आसपास के गांवों में लोगों में दहशत फैल गई थी।

इसके अलावा 13 अक्तूबर को रामनगर के रैसैन गांव में रीछ ने एक महिला पर हमला कर उसे घायल कर दिया था। वहीं, 25 अक्तूबर को टिकरी ब्लॉक के जडसरकोट स्थित बरताई गली में मवेशी चराने गए सुदेश कुमार पर रीछ ने हमला कर घायल कर दिया था। इस तरह अक्तूबर में जिले के तीन अलग-अलग क्षेत्रों में रीछ के हमलों की पांच घटनाएं दर्ज हुईं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।