'2 साल में दो युवक बने आतंकी, दोनों मुठभेड़ में ढेर'; लतीफ भट के मारे जाने के बाद DGP नलिन प्रभात का बड़ा खुलासा
जम्मू-कश्मीर में पिछले दो वर्षों में स्थानीय युवाओं की आतंकी संगठनों में भर्ती लगभग शून्य हो गई है, केवल दो कश्मीरी युवा शामिल हुए और मारे गए।

लतीफ भट के मारे जाने के बाद DGP नलिन प्रभात का बड़ा खुलासा। फाइल फोटो
HighLights
पिछले दो वर्षों में स्थानीय आतंकी भर्ती लगभग शून्य रही।
पुलिस का लक्ष्य आतंकी इकोसिस्टम को पूरी तरह ध्वस्त करना है।
शहीदों के परिवारों को वित्तीय सहायता बढ़ाई गई, प्रशिक्षण उन्नत हुआ।
जागरण संवाददाता, ऊधमपुर। जम्मू-कश्मीर में पिछले दो वर्षों के दौरान स्थानीय युवाओं की आतंकी संगठनों में भर्ती लगभग शून्य हो गई है। इस अवधि में केवल दो कश्मीरी युवा लश्कर-ए-तैयबा में शामिल हुए थे और दोनों मारे जा चुके हैं।
यह जानकारी बुधवार को शेर-ए-कश्मीर पुलिस अकादमी में आयोजित पासिंग आउट परेड के दौरान जम्मू-कश्मीर के पुलिस महानिदेशक नलिन प्रभात ने दी। उन्होंने कहा कि पुलिस का लक्ष्य केवल आतंकियों का सफाया करना नहीं, बल्कि पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद के पूरे इकोसिस्टम को ध्वस्त करना है।
डीजीपी ने बताया कि लश्कर में शामिल हुए उमर निसार को दो दिन पहले कुलगाम में और कमांडर मोहम्मद लतीफ भट्ट को बुधवार को सुरक्षा बलों ने मार गिराया। उन्होंने कहा कि पिछले 35 वर्षों से जम्मू-कश्मीर पुलिस पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद के खिलाफ लड़ रही है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और उपराज्यपाल मनोज सिन्हा के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में आतंकवाद के नेटवर्क पर लगातार प्रहार किया जा रहा है। इसमें आतंकियों के साथ उनकी वित्तीय मदद, स्थानीय सहयोगियों, भर्ती तंत्र और लॉजिस्टिक नेटवर्क को भी निशाना बनाया जा रहा है।
122 संपत्तियों को किया अटैच
आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई का ब्योरा देते हुए उन्होंने बताया कि वर्ष 2025 में यूएपीए के तहत 240 आरोपित गिरफ्तार किए गए, जबकि इस वर्ष अब तक 210 लोगों को पकड़ा गया है। आतंकियों और उनके नेटवर्क से जुड़ी 155 संपत्तियां पिछले वर्ष अटैच की गईं, जबकि इस वर्ष 122 संपत्तियों को अटैच किया गया है।
उन्होंने कहा कि आतंकवाद को मिलने वाली वित्तीय और लॉजिस्टिक मदद किसी भी सूरत में बच नहीं पाएगी। इसके लिए खुफिया सूचनाओं के आधार पर लगातार कार्रवाई की जा रही है।
डीजीपी ने जम्मू-कश्मीर पुलिस के 1623 बलिदानियों को नमन करते हुए कहा कि किश्तवाड़ में हाल ही में शहीद हुए बाबी चंद और रछपाल कुमार सहित बलिदानियों का साहस पुलिस बल के लिए प्रेरणा है। शहीदों के परिवारों की सहायता को प्राथमिकता बताते हुए उन्होंने कहा कि बीते दो वर्षों में करीब चार करोड़ रुपये की सहायता दी गई है।
जम्मू-कश्मीर बैंक के साथ हुए समझौते के बाद शहीदों के परिवारों के लिए सहायता बढ़ाकर 8.67 करोड़ रुपये और एसपीओ परिवारों के लिए 73.5 लाख रुपये की गई है। बलिदानियों की बेटियों के विवाह, बच्चों की छात्रवृत्ति और शिक्षा खर्च की प्रतिपूर्ति भी की जा रही है।
ग्रे हाउंड में प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके हैं 512 पुलिसकर्मी
उन्होंने बताया कि पुलिस प्रशिक्षण का स्वरूप भी बदला गया है। अब कानून, ड्रिल और जांच के साथ जंगल एवं पर्वतीय युद्ध का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। करीब चार हजार रिक्रूट कांस्टेबल विभिन्न केंद्रों में प्रशिक्षण ले रहे हैं। एसपीओ से डीएसपी रैंक तक के 512 पुलिसकर्मी ग्रे हाउंड में प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके हैं।
एनएसजी, सेना और पैरा के साथ भी प्रशिक्षण कार्यक्रम चल रहे हैं। महिला सुरक्षा, साइबर अपराध, आर्थिक अपराध, मोबाइल फोरेंसिक, भीड़ नियंत्रण, टेरर फंडिंग और ड्रोन से जुड़ी चुनौतियों पर 1526 अधिकारियों को प्रशिक्षित किया गया है। वहीं 1201 पुलिसकर्मियों ने एआई, मशीन लर्निंग, ब्लॉकचेन, डार्क वेब और क्रिप्टोकरेंसी जैसे विषयों में उन्नत प्रशिक्षण लिया है।
डीजीपी ने बताया कि साइबर अपराधों से निपटने के लिए जेके4सी (जम्मू एंड कश्मीर साइबल क्राइम कोआर्डिनेशन सेंटर) स्थापित किया गया है। इसके लिए आवश्यक पदों, संसाधनों और बुनियादी ढांचे की व्यवस्था की गई है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।