तलवाड़ा विस्थापित आज से शुरू करेंगे धरना प्रदर्शन
जिन जगहों में विस्थापितों को ठहराया गया है वहां अब तक कई सांप को आसपास मंडराते देखा गया जिनमें कुछ सांप तो विस्थापितों ने पकड़ भी लिए।
संवाद सहयोगी, रियासी : रियासी के तलवाड़ा विस्थापित कालोनी पर मंडरा रहे प्राकृतिक खतरे को लेकर अपने क्वार्टरों को छोड़ने के बाद विस्थापितों की हालत ना केवल दयनीय है, बल्कि सांप जैसे जहरीले जीवों की वजह से खतरे में भी है। जिन जगहों में विस्थापितों को ठहराया गया है, वहां अब तक कई सांप को आसपास मंडराते देखा गया, जिनमें कुछ सांप तो विस्थापितों ने पकड़ भी लिए। विस्थापित सरकार तथा जिला प्रशासन से इस कदर नाराज हो गए हैं कि उन्होंने आज शुक्रवार से स्थानीय क्लब परिसर में अनिश्चित काल के लिए धरना प्रदर्शन शुरू करने का निर्णय लिया है।
उधर जिला प्रशासन की तरफ से तलवाड़ा विस्थापित कालोनी के क्वार्टरों में रहने वाले लोगों की वेरिफिकेशन भी शुरू की गई है। तलवाड़ा विस्थापित एक्शन कमेटी के चेयरमैन बलवान ने बताया कि वीरवार को विस्थापितों का एक शिष्टमंडल रियासी की डीसी से मिलने मिनी सचिवालय पहुंचा, लेकिन डीसी से उन्हें बाद में मिलने को कहा। उसके बाद वह एडीसी अब्दुल सत्तार से मिले और उन्हें अपनी समस्याओं के बारे में बता कर मदद की मांग की, लेकिन तत्काल सहायता के बारे में उन्हें कुछ भी नहीं बताया जा रहा। बलवान सिंह ने बताया कि क्वार्टरों को छोड़ने के बाद विस्थापितों को जिन जगहों पर जिस तरह के हालात में ठहराया गया है। वह इन्सानों के लायक नहीं। कई विस्थापित शेड और स्थानीय क्लब में भेड़ बकरियों की तरह रह रहे हैं। वहीं पर कई चूल्हे जल रहे हैं जिससे शेड में और भी ज्यादा गर्मी हो गई है। सामूहिक तौर पर रहने से किसी तरह का कोई पर्दा भी नहीं रह गया।
विशेषकर महिलाओं के लिए तो नहाने तथा शौचालय की समस्या उत्पन्न हो गई है। क्योंकि आसपास में आबादी हैं। उन्होंने बताया कि शाम होते ही कई विस्थापित स्थानीय क्लब परिसर में खुले आसमान के नीचे जमा हो जाते हैं और वहीं पर रात गुजारने को मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि अभी तक तो वह मदद के लिए जिला प्रशासन की तरफ देख रहे हैं, लेकिन अगर उनकी और अधिक समय तक अनदेखी हुई तो इस बार विस्थापितों के रोष का सैलाब संभालना जिला प्रशासन को मुश्किल हो जाएगा। अब नहीं लगाएंगे प्रशासन से गुहार
स्थानीय क्लब परिसर में प्रधान जगदेव सिंह ने शुक्रवार से धरना प्रदर्शन शुरू करने का ऐलान करते हुए कहा कि प्रशासन तथा सरकार के समक्ष बहुत गिड़गिड़ा लिया। अब वह प्रशासन अधिकारियों के पास गुहार लगाने नहीं जाएंगे। अगर जल्द ही प्रशासन और सरकार ने उनकी सुनवाई ना की तो वह जल्द ही सड़कों पर उतर आएंगे। उधर कालोनी की वेरिफिकेशन कर रहे रियासी के तहसीलदार मुंशीराम ने बताया कि क्वार्टरों में कितने विस्थापित तथा अन्य लोग रह रहे हैं इसके लिए वेरिफिकेशन शुरू की गई है। पहले दिन इन क्वार्टरों में पंजाब तथा यूपी के लोग भी पाए गए हैं यह लोग कौन हैं और जहां किस तरह से ठहर रहे हैं, इसका पता लगाना भी जरूरी है। वेरीफिकेशन की रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को सौंपी जाएगी उसके बाद अगला निर्णय लिया जाएगा।