अभाविप ने साइंस कॉलेज जम्मू में फहराया तिरंगा
जागरण संवाददाता, ऊधमपुर : प्रदेश में भाईचारा बना रहे और देशद्रोही तत्व अपने मंसूबों में कामयाब
जागरण संवाददाता, ऊधमपुर : प्रदेश में भाईचारा बना रहे और देशद्रोही तत्व अपने मंसूबों में कामयाब न हो सकें इसके लिए अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) की ऊधमपुर सरकारी ब्वॉयज डिग्री कॉलेज की इकाई ने साइंस कॉलेज जम्मू में तिरंगा फहराया।
अभाविप के प्रदेश सह मंत्री प्रदीप जम्वाल ने कहा कि जम्मू का माहौल बिगाड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं जिन्हें किसी भी कीमत पर कामयाब नहीं होने दिया जाएगा। यहां भी कश्मीर जैसे हालात बनाने की कोशिश के चलते देशद्रोही गतिविधियां जानबूझकर की जाती हैं ताकि समाज में अशांति फैलाई जा सके मगर अभाविप यह मंसूबे पूरे नहीं होने देगी।
इसी के चलते साइंस कॉलेज जम्मू में जाकर ऊधमपुर अभाविप से जुड़े विद्यार्थियों ने तिरंगा लहराया और भारत माता की जयघोष के नारे लगाए।
विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता कॉलेज अध्यक्ष गणेश, कॉलेज सहमंत्री नरेश, राजेंद्र, हॉस्टल अध्यक्ष छत्रपाल, अजय, राकेश, अंकुश सहित अन्य कार्यकर्ता तिरंगे के सम्मान के लिए वहां पहुंचे।
हाल ही में यहां पर देश विरोधी नारे लगने के बाद पूरे संभाग में खासा रोष है। विद्यार्थी विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से इसका विरोध कर रहे हैं।