जम्मू-कश्मीर: शिवखोड़ी में रोज उमड़ रहे 4000 श्रद्धालु, नवरात्र पर खास इंतजाम; आरती के साथ रुद्राभिषेक का भी मौका
पौनीरनसू स्थित शिवखोड़ी धाम में शिवभक्तों में उत्साह है, जहां प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु दर्शन कर रहे हैं। आगामी शारदीय नवरात्र ...और पढ़ें

भोले बाबा के दर्शन के लिए शिवखोड़ी प्राकृतिक गुफा से आगे बढ़ते श्रद्धालु। फोटो- जागरण
HighLights
शिवखोड़ी धाम में शिवभक्तों का उत्साह चरम पर है।
नवरात्र में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने की उम्मीद है।
श्राइन बोर्ड ने दर्शन व पूजा की विशेष व्यवस्था की है।
जागरण संवाददाता, रियासी। शिवखोड़ी धाम में भोले बाबा के दर्शन को लेकर शिवभक्तों में उत्साह देखने को मिल रहा है। आधार शिविर रनसू से प्रतिदिन तीन से चार हजार श्रद्धालु पैदल, घोड़े और पालकी के माध्यम से गुफा की ओर रवाना हो रहे हैं। हालांकि श्राद्ध शुरू होने के बावजूद अभी क्षेत्रीय श्रद्धालुओं की संख्या अपेक्षाकृत कम है, लेकिन आगामी शारदीय नवरात्र के दौरान शिवखोड़ी में श्रद्धालुओं की संख्या में बढ़ोतरी होने की उम्मीद है।
रनसू पहुंचने वाले श्रद्धालु गुफा की ओर बढ़ने से पहले वहां बहने वाली गंगा में झिलमिलाती मछलियों को चारा डालकर पुण्य अर्जित कर रहे हैं। इसके बाद श्रद्धालु भोले बाबा के जयकारे लगाते हुए पैदल मार्ग से गुफा की ओर आगे बढ़ रहे हैं। कई श्रद्धालु बुजुर्गों और बच्चों को घोड़े तथा पालकी के माध्यम से दर्शन के लिए ले जा रहे हैं।
बेफिक्र होकर भोले बाबा के दर्शन कर रहे श्रद्धालु
शिवखोड़ी श्राइन बोर्ड के प्रबंधक तरसेम लाल शर्मा ने बताया कि भोले बाबा के दर्शन के लिए पहुंच रहे श्रद्धालुओं में काफी उत्साह देखा जा रहा है। श्रद्धालु बेफिक्र होकर दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। श्राइन बोर्ड की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा का पूरा ध्यान रखा जा रहा है, ताकि उन्हें दर्शन के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
नवरात्र पर शिवखोड़ी में खास इंतजाम
उन्होंने बताया कि आगामी शारदीय नवरात्र को देखते हुए गुफा में श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। श्रद्धालु आरती में बैठने के साथ-साथ भोले बाबा के शिवलिंग पर रुद्राभिषेक भी कर सकेंगे। रुद्राभिषेक के बाद श्रद्धालुओं के लिए पूजा-अर्चना की व्यवस्था भी रहेगी।
नवरात्र के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शिवखोड़ी पहुंचने की संभावना को देखते हुए श्राइन बोर्ड तैयारियों में जुटा हुआ है।
