ताड़का का भयानक रूप देख सहम गए बच्चे
श्री दुर्गा नाटक मंडली रियासी की ओर से स्थानीय ओपन एयर थियेटर में जारी रामलीला मंचन में मंगलवार को ताड़का वध का दृश्य दर्शाया गया। मंच पर ताड़का का भयानक रूप देख कई बच्चे अपनी माताओं की गोद में जा छुपे। मंचन की शुरुआत सनातन धर्म सभा के प्रधान नंद शर्मा ने दीप जला की। सबसे पहले मां दुर्गा की झांकी प्रस्तुत की गई। उसके बाद ताड़का वध का दृश्य दर्शाया गया। वन में राक्षसों द्वारा ऋषि विश्वामित्र की तपस्या भंग कर उन्हें सताते हुए दर्शाया गया।
संवाद सहयोगी रियासी : श्री दुर्गा नाटक मंडली रियासी की ओर से स्थानीय ओपन एयर थियेटर में जारी रामलीला मंचन में मंगलवार को ताड़का वध का दृश्य दर्शाया गया। मंच पर ताड़का का भयानक रूप देख कई बच्चे अपनी माताओं की गोद में जा छुपे। मंचन की शुरुआत सनातन धर्म सभा के प्रधान नंद शर्मा ने दीप जला की। सबसे पहले मां दुर्गा की झांकी प्रस्तुत की गई। उसके बाद ताड़का वध का दृश्य दर्शाया गया।
वन में राक्षसों द्वारा ऋषि विश्वामित्र की तपस्या भंग कर उन्हें सताते हुए दर्शाया गया। उनके संहार के लिए विश्वामित्र राम और लक्ष्मण के साथ वन में पहुंचते हैं। वहां राम और लक्ष्मण को ताड़का और राक्षसों का वध करते दर्शाया गया। इस दृश्य में डरावना अट्टहास करते भयानक ताड़का जब दर्शक दीर्घा से गुजरी तो कई बच्चे अपनी माताओं और बड़ों की गोद में छुप गए। लक्ष्मण का ताड़का से घोर युद्ध दिखाया गया। अंत में श्री राम का बाण लगने से ताड़का का वध हुआ तो बच्चों ने खूब तालियां बजाई। इस दृश्य में सार्थक गुप्ता ने राम, उद्धव शर्मा ने लक्ष्मण, विशाल पंडोह ने ऋषि विश्वामित्र और ताड़का के किरदार में सोनू गुजराती ने सशक्त अभिनय का परिचय दिया। कोरोना महामारी के कारण इस बार रामलीला मंचन में मुख्य प्रसंग झांकियों के माध्यम से दिखाए जा रहे हैं। लेकिन मंगलवार को पहली बार इस दृश्य का जोरदार मंचन किया गया। दृश्य के बाद ताड़का बने कलाकार के साथ सेल्फी तथा फोटो लेने वाले दशकों का तांता लग गया।