रामबन में हाईवे पर भूस्खलन से आठ घंटे ठप रहा यातायात
जागरण संवाददाता, ऊधमपुर : जम्मू संभाग के रामबन जिले के डिगडोल इलाके में जारी हाईवे फोरलेन के निर्माण
जागरण संवाददाता, ऊधमपुर : जम्मू संभाग के रामबन जिले के डिगडोल इलाके में जारी हाईवे फोरलेन के निर्माण कार्य के कारण मंगलवार को मध्यरात्रि में हुए भूस्खलन से जम्मू-श्रीनगर हाईवे पर आठ घंटे तक यातायात ठप रहा। हाईवे बंद होते ही दोनों तरफ वाहनों की कतारें लग गई। पुलिस और प्रशासन ने निर्माण एजेंसियों की मदद से रात में ही हाईवे से मलबा हटाने का काम शुरू करवा दिया। सुबह साढ़े नौ बजे मलबा हटा कर हाईवे वाहनों के लिए खोल दिया गया, लेकिन हाईवे पर यातायात सामान्य होने में काफी समय लग गया।
कोट
-डिगडोल में रात को डेढ़ बजे मलबा गिरा था, जिसके बाद जम्मू श्रीनगर हाईवे बंद हो गया था। मलबा हटाने के बाद सुबह साढ़े नौ बजे वाहनों के लिए हाईवे खोल दिया गया। दोनों तरफ बड़ी संख्या में वाहनों के फंसने के कारण यातायात सामान्य होने में कुछ समय लगा, लेकिन अब यातायात सामान्य रूप से जारी है।
शक्ति पाठक, एसएसपी ट्रैफिक नेशनल हाईवे, रामबन
हादसे में जेसीबी ऑपरेटर की मौत
ऊधमपुर: जिस जगह पर रात को भूस्खलन होने से जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग बंद हुआ। वहां से थोड़ी दूरी पर हाईवे फोरलेन के काम में जुटी जेसीबी मशीन के ऑपरेटर की पत्थरों की चपेट में आने से मौत हो गई। मृतक की पहचान जमशेद अहमद पुत्र गुलाम कादिर निवासी थलेला डोडा के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक जमशेद एसीसी कंपनी के ठेकेदार के लिए जेसीबी मशीन पर काम कर रहा था। रात को सवा 11 बजे के करीब काम के दौरान उसने पहाड़ से पत्थर गिरते देखे तो उसने जेसीबी मशीन से छलांग लगा दी, लेकिन वह पहाड़ से गिरे पत्थरों की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे रामसू पीएचसी लाया गया। जहां उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर मृतक के शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के हवाले कर दिया।