जम्मू-कश्मीर पुलिस ने रियासी माहौर में लश्कर-ए-तैयबा के आतंकी की संपत्ति की कुर्क, UAPA और आर्म्स एक्ट के तहत हुआ एक्शन
रियासी पुलिस ने आतंकवाद के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए माहौर उपमंडल में लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े आतंकी मोहम्मद कासिम की संपत्ति कुर्क की। यूएपीए, आर्म्स एक्ट व विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत दर्ज मामले में अपर अंगरल्ला गांव में तीन मरला भूमि जब्त की गई।

फोटो माहौर में पुलिस द्वारा आतंकी की गई संपत्ति पर लगाया जब्ती का बोर्ड
HighLights
रियासी पुलिस ने लश्कर-ए-तैयबा आतंकी की संपत्ति कुर्क की।
माहौर उपमंडल में मोहम्मद कासिम की तीन मरला भूमि जब्त।
यूएपीए के तहत आतंकवाद विरोधी कार्रवाई जारी रहेगी।
संवाद सहयोगी, रियासी। आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई तेज करते हुए रियासी पुलिस ने शनिवार को माहौर उपमंडल में लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े एक आतंकी की संपत्ति कुर्क की। एफआईआर संख्या 14/2024 के तहत थाना माहौर में दर्ज मामले में यूएपीए, आर्म्स एक्ट व विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की धाराओं के अंतर्गत यह कार्रवाई की गई। एसडीपीओ माहौर परुल भारद्वाज, तहसीलदार जाविद इकबाल, एसएचओ इंस्पेक्टर जीत सिंह व राजस्व अधिकारियों की संयुक्त टीम ने गांव अपर अंगरल्ला में पहुंचकर प्रक्रिया पूरी की।
पुलिस के अनुसार कुर्क की गई संपत्ति मोहम्मद कासिम की है, जो प्रतिबंधित संगठन लश्कर-ए-तैयबा से जुड़ा है। करीब तीन मरला भूमि (खेवट नंबर 346, 347, 349, 350) को यूएपीए की धारा 25 के तहत कुर्क किया गया। एसएसपी रियासी परमवीर सिंह ने कहा कि आतंकवाद को समर्थन देने वाले नेटवर्क के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।