जम्मू-कश्मीर: पहले बाढ़ ने छीना घर-पैर, फिर सिस्टम की बेरुखी; अब 6 साल की पगार के लिए बैसाखी लेकर भटक रहे रशीद
2014 की आपदा में घायल हुए मोहम्मद रशीद 70 माह के बकाया वेतन के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर काट रहे हैं। उनके बेटे को पिता की जगह काम करना पड़ा, लेकिन सेवानिवृत्ति के बाद वह भी बेरोजगार हो गया।

बैसाखी के सहारे अपने बेटे के साथ रियासी पीएचई कार्यालय पहुंचे रशीद। (फोटो- जागरण)
HighLights
2014 आपदा में घायल रशीद, एक टांग गंवानी पड़ी।
बेटे साबिर ने 14 साल की उम्र में नौकरी संभाली।
रशीद 70 माह के बकाया वेतन के लिए संघर्षरत।
राजेश डोगरा, रियासी। वर्ष 2014 की आपदा ने मोहम्मद रशीद का मकान उजाड़ दिया, कमर पर गंभीर चोट आई और उपचार के दौरान एक टांग भी काटनी पड़ी, लेकिन परिवार की त्रासदी यहीं खत्म नहीं हुई। विडंबना यह रही कि कुदरत की मार के साथ ही सरकारी बेरुखी की दोहरी मार से रशीद व उसके परिवार की जिंदगी और बदहाल होती चली गई। महज 14 साल के बेटे को पढ़ाई छोड़कर पिता की जगह नौकरी करनी पड़ी। करीब 10 वर्ष नौकरी करने के बाद वर्ष 2024 में पिता की सेवानिवृत्ति के साथ बेटे का रोजगार भी खत्म हो गया।
आज रशीद अपने 70 माह के बकाया वेतन के लिए बैसाखी के सहारे विभाग के चक्कर काट रहे हैं। शनिवार को भी वह बेटे साबिर हुसैन के साथ विभागीय कार्यालय पहुंचे, जहां पीएचई इंप्लाइज यूनाइटेड फ्रंट के प्रधान देवेंद्र सिंह के साथ एक्सियन संदीप बोगिया से मिलकर अपनी व्यथा सुनाई।
2014 की बाढ़ में उजड़ा घर, हादसे में टांग गंवाई
रियासी के कुंडरा निवासी 62 वर्षीय मोहम्मद रशीद वर्ष 1994-95 में जल शक्ति विभाग में अस्थायी कर्मचारी के रूप में भर्ती हुए थे। वर्ष 2014 में आई भीषण बाढ़ व आपदा में उनका अपना मकान तबाह हो गया। दूसरे मकान में शरण लेने के दौरान वह मकान भी अचानक ढह गया, जिसमें रशीद गंभीर रूप से घायल हो गए।
कमर और टांग में गंभीर चोटों के चलते करीब 14 बार ऑपरेशन करवाना पड़ा और उपचार के दौरान उनकी बाईं टांग काटनी पड़ी। इलाज पर भारी खर्च हुआ, जिसमें बुआ और फूफा ने 50 हजार रुपये की मदद की। लेकिन सरकार या विभाग की तरफ से कोई मदद तो दूर बल्कि उनका खुद का 70 माह का बकाया वेतन पाने के लिए भी तरसना पड़ रहा है।
14 साल की उम्र में पढ़ाई छोड़ पिता की जगह संभाली नौकरी
रशीद के नौकरी करने में असमर्थ हो जाने पर परिवार में कमाने वाला कोई दूसरा सदस्य नहीं था। उस समय नौवीं कक्षा में पढ़ने वाले छोटे बेटे साबिर हुसैन की उम्र महज 14 वर्ष थी। उसने पिता की जगह विभाग में काम करना शुरू कर दिया और मासिक वेतन पिता को दवाइयों व घर के खर्च के लिए सौंप देता था।
काम के चलते उसकी पढ़ाई प्रभावित हुई और स्कूल से नाम कट गया। छोटी उम्र में परिवार की जिम्मेदारी उठाने के लिए उसे पढ़ाई छोड़नी पड़ी। बड़ी मुश्किल हालात में दोबारा से मकान बनाया और दो बहनों की शादी की गई। बड़े भाई जमील अहमद की शादी के बाद करीब एक वर्ष पहले साबिर की भी शादी हुई।
पिता सेवानिवृत्त हुए तो बेटे का रोजगार भी खत्म
वर्ष 2024 में रशीद के सेवानिवृत्त होने के बाद साबिर भी बेरोजगार हो गया। कुछ समय पहले चारा काटते समय दराटी लगने से उसके हाथ पर चोट आई, जिससे मेहनत-मजदूरी करना भी मुश्किल हो गया है।
परिवार के पास दो भैंसें हैं। साबिर दूसरों से भी दूध लेकर बेचता है और इसी से पिता की दवाइयों, मां, पत्नी और घर का खर्च चलाने की कोशिश कर रहा है। उसका कहना है कि पिता की सेवानिवृत्ति के बाद उसे नौकरी मिल जाती तो परिवार को सहारा मिल सकता था।
'आपदा के बाद मदद और पेंशन तक नहीं मिली'
साबिर और पीएचई कर्मचारी यूनाइटेड फ्रंट के प्रधान देवेंद्र सिंह का कहना है कि आपदा में घर तबाह होने, गंभीर चोट और टांग कटने के बावजूद रशीद को सरकारी स्तर पर कोई सहायता नहीं मिली। न आपदा राहत मिली और न ही पेंशन का सहारा। उस पर 70 माह का बकाया वेतन भी नहीं मिला। रशीद बैसाखी के सहारे बड़ी मुश्किल से दफ्तरों के चक्कर काट रहे हैं।
'बकाया वेतन का रिकॉर्ड तैयार कर उच्च स्तर पर भेजेंगे'
जल शक्ति विभाग के एक्सियन संदीप बोगिया ने बताया कि शनिवार को मोहम्मद रशीद उनसे मिले और अपनी पूरी समस्या बताई। उन्होंने संबंधित कर्मचारियों को रशीद का विभागीय रिकॉर्ड तैयार करने और आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए हैं। रिकॉर्ड तैयार कर उच्च स्तर पर भेजा जाएगा और रशीद को उनका हक दिलाने का हर संभव प्रयास किया जाएगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।