जम्मू-कश्मीर: पहले पति ने पत्नी को गोली मारी, फिर खुद भी दी जान; रियासी में दोहरी मौत से सनसनी
रियासी के मंझीकोट में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी को गोली मारने के बाद खुद को भी गोली मार ली, ...और पढ़ें

रियासी के मंझीकोट में दोहरी मौत से सनसनी। (फाइल फोटो)
HighLights
रियासी के मंझीकोट में पति-पत्नी की गोली लगने से मौत।
जावेद अहमद ने पत्नी शाहीन को गोली मारकर खुद को मारा।
पुलिस घटना के पीछे के कारणों की गहन जांच कर रही है।
जागरण संवाददाता, रियासी। रियासी के माहौर तहसील के मंझीकोट इलाके में सोमवार दोपहर उस समय सनसनी फैल गई, जब एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी को गोली मारने के बाद खुद को भी गोली मार ली। इस घटना में पति-पत्नी दोनों की मौत हो गई।
मृतकों की पहचान जावेद अहमद (27) पुत्र अब्दुल मजीद और उसकी पत्नी शाहीन (22), निवासी बरेल कुंड, मंझीकोट के रूप में हुई है।
पत्नी को गोली मारने के बाद पति ने खुद को भी मारी गोली
जानकारी के अनुसार, सोमवार दोपहर घर के बरामदे में किसी बात को लेकर जावेद अहमद ने बंदूक उठाई और पत्नी शाहीन पर गोली दाग दी। इसके तुरंत बाद उसने खुद को भी गोली मार ली। गोलियों की आवाज सुनते ही आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया।
आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे तो जावेद की मौत हो चुकी थी, जबकि शाहीन गंभीर रूप से घायल थी। स्थानीय लोग उसे उपचार के लिए चसाना स्वास्थ्य केंद्र ले जाने लगे, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। स्वास्थ्य केंद्र पहुंचने पर डॉक्टरों ने भी उसे मृत घोषित कर दिया।
विलेज डिफेंस गार्ड था जावेद
घटना की सूचना मिलते ही चसाना थाने से पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेने के साथ मृतकों के स्वजन और स्थानीय लोगों से बातचीत की। जावेद ने यह कदम क्यों उठाया और घटना के पीछे क्या कारण रहे, पुलिस इसकी जांच कर रही है।
बताया जाता है कि जावेद विलेज डिफेंस गार्ड था। उसने करीब डेढ़ वर्ष पहले शाहीन से दूसरा निकाह किया था। यह घटना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है। इस संबंध में चसाना के एसएचओ से फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया लेकिन उनसे बात नहीं हो पाई
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।