उधमपुर: राम नगर में 75 साल बाद पूरी हुई आस, 15.15 करोड़ से बनेगी सड़क; कुंड-नलौड़े मार्ग पर फुटब्रिज भी बनेगा
राम नगर की रैसैन पंचायत में 75 साल के इंतजार के बाद कुंड से नलौड़े तक 15.15 करोड़ की लागत ...और पढ़ें

रामनगर के विधायक ने इस सड़क के निर्माण कार्य का उद्घाटन किया।
HighLights
75 वर्ष बाद कुंड-नलौड़े सड़क निर्माण कार्य शुरू।
1.20 करोड़ की लागत से फुटब्रिज का भी शिलान्यास।
विधायक डॉ. सुनील भारद्वाज ने किया उद्घाटन।
जागरण संवाददाता, रामनगर। रामनगर की रैसैन पंचायत में सात दशक से अधिक समय से सड़क का इंतजार कर रहे ग्रामीणों की मांग अब धरातल पर उतरने जा रही है। कुंड से नलौड़े तक प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत 15.15 करोड़ रुपये की लागत से सड़क का निर्माण होगा। शुक्रवार को रामनगर के विधायक डा. सुनील भारद्वाज ने इस सड़क के निर्माण कार्य का उद्घाटन किया। इसके साथ ही कुंड नाले पर 1.20 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले फुटब्रिज की आधारशिला रखकर क्षेत्र की दो महत्वपूर्ण संपर्क सुविधाओं के निर्माण की शुरुआत की।
रैसैन पहुंचने पर स्थानीय लोगों ने विधायक का स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि कुंड से नलौड़े तक सड़क बनाने की मांग क्षेत्रवासी पिछले 75 वर्षों से कर रहे थे। सड़क बनने से पहाड़ी क्षेत्र के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और क्षेत्र के सामाजिक एवं आर्थिक विकास को भी गति मिलेगी।
इस मौके पर शाम वर्मा, अश्वनी शर्मा, मोहिंदर सिंह, विक्रम सिंह, मंगल कोली, ओंकार कोली, सागर वर्मा, जगमोहन सिंह, सरपंच विक्रम सिंह, पवन सिंह, परशोत्तम कुमार, बबलू कुमार, गोपाल डोगरा, पंडित मूलराज, मनोज शर्मा और शेर सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
हादसों का खतरा होगा कम, सुरक्षित होगा रास्ता
सड़क के बाद विधायक ने कुंड नाले पर प्रस्तावित फुटब्रिज के निर्माण की आधारशिला रखी। उन्होंने कहा कि पुल नहीं होने के कारण लोगों को लंबे समय से जोखिम उठाकर आवागमन करना पड़ता था।
इस दौरान कई बार हादसों में लोगों की जान जाने के साथ पशुधन का भी नुकसान हुआ है। फुटब्रिज बनने से विद्यार्थियों, महिलाओं और बुजुर्गों को सुरक्षित आवाजाही की सुविधा मिलेगी।
जनदरबार में सुनीं ग्रामीणों की शिकायतें
दोपहर को हाई स्कूल रैसैन के निकट जनदरबार में विधायक ने ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। लोगों ने अपनी समस्याएं और शिकायतें उनके सामने रखीं। विधायक ने संबंधित मामलों को अधिकारियों के समक्ष उठाने और आवश्यक कार्रवाई करवाने का भरोसा दिलाया।
उन्होंने कहा कि जनसेवा केवल जिम्मेदारी नहीं, बल्कि जनता के प्रति प्रतिबद्धता है। उनका प्रयास है कि विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक गांव और परिवार तक विकास का लाभ पहुंचे। विधायक ने क्षेत्र की प्रमुख विकास परियोजनाओं को स्वीकृति दिलाने में सहयोग के लिए केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह का आभार जताया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।