पुराने राजमार्ग पर दिनभर जाम से जूझते रहे लोग
संवाद सहयोगी ऊधमपुर काफी प्रयास करने के बावजूद शहर में यातायात व्यवस्था दुरुस्त नहीं हो पा
संवाद सहयोगी, ऊधमपुर : काफी प्रयास करने के बावजूद शहर में यातायात व्यवस्था दुरुस्त नहीं हो पा रही है। शहर में जाम की समस्या बढ़ती जा रही है। वीरवार को सुबह से लेकर शाम तक दिन में कई बार जाम लगा जिससे शहरवासी परेशान हुए।
शुक्रवार को शहर के बीच पुराने राजमार्ग पर दिन में कई बार जाम की स्थिति बनी, जिससे यात्री व वाहन चालकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। जाम को खुलवाने के लिए दिनभर पुलिस को मशक्कत करनी पड़ी। काफी प्रयास करने के बाद भी शहर के बीच यातायात व्यवस्था दुरुस्त नहीं हो पा रही है। दोपहर के समय तो जखैनी से लेकर एमएच चौक तक वाहनों की लंबी कतार लगी हुई थी। गर्मी ने यात्रियों की परेशानी को दुगना कर दिया। वाहनों के अंदर गर्मी के कारण यात्री पसीने से भीगने को मजबूर हो गए। देखते ही देखते जाम में फंसे वाहनों की कतार लंबी होने लगी और कुछ समय के बाद इसका असर धार रोड पर भी देखने को मिला। सुबह से शहर में लगे जाम के कारण स्थिति तब और भी विकट हो गई जब घाटी जाने वाले वाहनों ने दोहरी, तीसरी लाइनें लग गई। आलम यह था कि वाहनों की लाइनें बन जाने के कारण दो पहिया वाहन निकलने तक के लिए रास्ता नहीं बचा। दोपहिया वाहन वाहन चालक सड़क के एक छोर से दूसरे छोर पर वाहनों के बीच से गुजरते हुए रास्ता तलाशते हुए आगे बढ़ते रहे। सुबह से दोपहर तक स्थिति ऐसी ही बनी रही। बाद में पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद जाम खुलवाया।