25 करोड़ के प्रोजेक्ट से संवरेगा ऊधमपुर-रियासी, विकास का लेखा-जोखा लेने पहुंचे उमर; विधायकों संग बैठक भी करेंगे
मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ऊधमपुर पहुंचे, जहां वे ऊधमपुर-रियासी में 25 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। ...और पढ़ें

उमर अब्दुल्ला ऊधमपुर-रियासी में 25 करोड़ के प्रोजेक्ट का करेंगे उद्घाटन। (फाइल फोटो)
HighLights
मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला 25 करोड़ के प्रोजेक्ट का ऊधमपुर-रियासी में उद्घाटन करेंगे।
जिला विकास समीक्षा बैठक में परियोजनाओं की प्रगति का जायजा लेंगे।
विधायकों और अधिकारियों संग जनसमस्याओं पर चर्चा करेंगे।
जागरण संवाददाता, ऊधमपुर। विकास परियोजनाओं की सौगात और जिला स्तर पर विकास की रफ्तार परखने के लिए मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला बुधवार को ऊधमपुर पहुंचे। वह ऊधमपुर-रियासी दोनों जिलों में 25 करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन करने के साथ नई विकास योजनाओं की आधारशिला रखेंगे। मुख्यमंत्री के इस दौरे को ऊधमपुर और रियासी में विकास कार्यों को नई गति देने के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
मुख्यमंत्री के दौरे का मुख्य कार्यक्रम जिला विकास समीक्षा बैठक है, जिसमें दोनों जिलों में चल रही विकास परियोजनाओं की जमीनी प्रगति और सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन का जायजा लिया जाएगा। बैठक में हिस्सा लेने के लिए विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के विधायक भी पहुंच चुके हैं।
ऐसे में जनप्रतिनिधियों की ओर से अपने-अपने क्षेत्रों की विकास संबंधी जरूरतों, लंबित परियोजनाओं और जनसमस्याओं को मुख्यमंत्री के समक्ष उठाया जा सकता है। विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में विकास कार्यों की स्थिति पर चर्चा के साथ परियोजनाओं को समयबद्ध पूरा करने और जनसुविधाओं के विस्तार को लेकर भी दिशा तय होने की उम्मीद है।
दो जिलों में 25 करोड़ की परियोजनाओं की सौगात
बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री दोनों जिलों में करीब 25 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास इस दौरे का प्रमुख आकर्षण रहेगा। इन परियोजनाओं के माध्यम से आधारभूत ढांचे को मजबूत करने और दोनों जिलों में विकास संबंधी जरूरतों को पूरा करने का प्रयास किया जाएगा।
मुख्यमंत्री की ओर से विकास कार्यों की समीक्षा के साथ नई परियोजनाओं की शुरुआत से स्थानीय स्तर पर विकास को लेकर नई उम्मीदें जगी हैं।
धार रोड पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम
मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर ऊधमपुर में मंगलवार से ही प्रशासनिक तैयारियां शुरू हो गई थीं। शहर के प्रमुख स्थानों पर स्वागत के लिए बड़े-बड़े होर्डिंग लगाए गए हैं। बुधवार सुबह नौ बजे से ही विभिन्न विभागों के अधिकारियों का डीसी कार्यालय पहुंचना शुरू हो गया था।
वहीं, मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए डीसी कार्यालय से पीएचई स्टेशन बाड़यां तक धार रोड को खाली करवाया गया। सड़क किनारे खड़े वाहनों को हटाने के लिए रात से अनाउंसमेंट करवाई गई, जो सुबह तक जारी रही। पूरे मार्ग पर सुरक्षा कर्मियों और ट्रैफिक पुलिस की तैनाती के साथ यातायात व्यवस्था के विशेष प्रबंध किए गए।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।