दीपावली पर मां वैष्णो देवी को चढ़ा छप्पन भोग, 4 क्विंटल के लड्डुओं ने खींचा ध्यान; दर्शन को उमड़ी भीड़
मां वैष्णो देवी के पवित्र भवन में दीपावली का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया, जहां मुख्य पुजारी ...और पढ़ें

मां वैष्णो देवी दरबार में दीपावली पर छप्पन भोग अर्पित। (फोटो- इंटरनेट मीडिया )
HighLights
मां वैष्णो देवी भवन में दीपावली श्रद्धापूर्वक मनाई गई।
मुख्य पुजारी सुदर्शन पुजारी ने छप्पन भोग अर्पित किया।
चार क्विंटल मोतीचूर के लड्डू विशेष रूप से चढ़ाए गए।
जागरण संवाददाता, कटड़ा। विश्व प्रसिद्ध तीर्थस्थल श्री माता वैष्णो देवी के पवित्र भवन में दीपावली का पर्व धार्मिक श्रद्धा, उल्लास और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर मां भगवती के दरबार में विशेष पूजा-अर्चना कर माता रानी को छप्पन प्रकार के पकवानों और मिठाइयों का भोग अर्पित किया गया। दीपावली के अवसर पर भवन में आयोजित विशेष धार्मिक अनुष्ठान में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने मां के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
दीपावली पर आयोजित विशेष पूजा का नेतृत्व मुख्य पुजारी सुदर्शन पुजारी ने किया। श्राइन बोर्ड प्रशासन के सहयोग से अटका आरती के दौरान पूरे विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मां भगवती की पूजा-अर्चना की गई।
इस दौरान माता रानी को विशेष रूप से तैयार किया गया छप्पन भोग अर्पित किया गया। भोग में विभिन्न प्रकार की मिठाइयां, पारंपरिक पकवान और अन्य प्रसाद शामिल रहे।
माता रानी को चढ़ाए गए चार क्विंटल के मोतीचूर के लड्डू
इस अवसर की विशेष बात यह रही कि माता रानी के लिए करीब चार क्विंटल के चार मोतीचूर के लड्डू तैयार किए गए थे। इन लड्डुओं सहित विभिन्न प्रकार के व्यंजनों को छप्पन भोग के रूप में माता के चरणों में समर्पित किया गया। दीपावली के पावन पर्व पर मां के दरबार में यह विशेष धार्मिक आयोजन श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण और आस्था का प्रमुख केंद्र बना रहा।
रोशनी से नहाया वैष्णो देवी भवन
वहीं, दीपावली के उपलक्ष्य में श्री माता वैष्णो देवी भवन को भी विशेष रूप से सजाया गया। रोशनी और धार्मिक सजावट से सजे भवन परिसर में दिनभर भक्तिमय वातावरण बना रहा। श्रद्धालुओं ने मां के चरणों में शीश नवाकर परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और शांति की कामना की।
मान्यता के अनुसार दीपावली पर मां भगवती को छप्पन भोग अर्पित करना विशेष धार्मिक महत्व रखता है। इसी परंपरा के तहत हर वर्ष माता के दरबार में विशेष आयोजन किया जाता है। इस बार भी पूरे श्रद्धाभाव और परंपरागत उत्साह के साथ दीपावली उत्सव मनाया गया।