विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

किश्तवाड़ में चिनाब का कहर, रटले प्रोजेक्ट का कॉफरडैम टूटा, लोगों को सतर्क रहने की अपील

By Balbir SinghEdited By: Rahul Sharma
Published: Thu, 23 Jul 2026 12:22 PM (IST)Updated: Thu, 23 Jul 2026 12:25 PM (IST)

किश्तवाड़ में चिनाब नदी का जलस्तर बढ़ने से 850 मेगावाट रटले जलविद्युत परियोजना का अस्थायी कॉफरडैम क्षतिग्रस्त हो गया है।

किश्तवाड़ में उफनते चिनाब ने तोड़ा रटले का सुरक्षा बांध।

किश्तवाड़ में उफनते चिनाब ने तोड़ा रटले का सुरक्षा बांध।

HighLights

  1. चिनाब नदी में जलस्तर बढ़ने से कॉफरडैम क्षतिग्रस्त।

  2. रटले जलविद्युत परियोजना का अस्थायी बांध टूटा।

  3. नदी किनारे रहने वालों के लिए अलर्ट जारी।

संवाद सहयोगी, किश्तवाड़। अगर आप चिनाब नदी के किनारे रहते हैं तो ये खबर आपके लिए बेहद जरूरी है। जम्मू-कश्मीर में पिछले कई दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश ने अब खतरे की घंटी बजा दी है। किश्तवाड़ में चिनाब नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ने से निर्माणाधीन 850 मेगावाट की रटले जलविद्युत परियोजना का अस्थायी कॉफरडैम क्षतिग्रस्त हो गया है। घटना के बाद से पूरे इलाके में अलर्ट जारी कर दिया गया है।

अधिकारियों के अनुसार लगातार बारिश और ऊपरी कैचमेंट क्षेत्रों से आए तेज जलप्रवाह के कारण चिनाब नदी का डिस्चार्ज अचानक बढ़ गया। इसी तेज बहाव को मोड़ने के लिए परियोजना स्थल पर बनाया गया अस्थायी कॉफरडैम पानी के दबाव को नहीं झेल पाया और क्षतिग्रस्त हो गया। गौरतलब है कि इससे पहले भी अधिक जलप्रवाह के कारण इस कॉफरडैम को नुकसान पहुंच चुका है।

मौके पर पहुंची तकनीकी टीमें, हताहत की खबर नहीं

घटना की जानकारी मिलते ही परियोजना प्रबंधन ने सुरक्षा इंतजाम बढ़ा दिए हैं। तकनीकी टीमों को मौके पर तैनात कर दिया गया है, जो न सिर्फ नुकसान का आकलन कर रही हैं, बल्कि आगे होने वाले नुकसान को रोकने के उपायों पर भी काम कर रही हैं। राहत की बात ये है कि इस घटना में किसी के हताहत होने या घायल होने की कोई सूचना नहीं है। हालांकि अधिकारी ये जांच कर रहे हैं कि इस नुकसान से परियोजना के निर्माण कार्य पर कितना असर पड़ेगा।

क्वार प्रोजेक्ट के गेट खोले जाने से बढ़ा बहाव

इससे पहले गुरुवार को ही चिनाब नदी में बढ़ते जलस्तर को देखते हुए ऊपरी हिस्से में निर्माणाधीन क्वार जलविद्युत परियोजना के गेट खोल दिए गए थे, जिसके कारण डाउनस्ट्रीम क्षेत्र में नदी का जलप्रवाह और ज्यादा बढ़ गया।

जिला प्रशासन ने चिनाब नदी के किनारे बसे लोगों के लिए एडवाइजरी जारी की है। लोगों को सतर्क रहने और नदी के बिल्कुल नजदीक न जाने की सलाह दी गई है। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और केवल आधिकारिक सलाह का पालन करने की अपील की है, क्योंकि क्षेत्र में अभी भी लगातार बारिश जारी है।

आपको बता दें कि चिनाब नदी पर बन रही 850 मेगावाट की रटले जलविद्युत परियोजना जम्मू-कश्मीर की प्रमुख बिजली परियोजनाओं में से एक है। इसके पूरा होने के बाद क्षेत्र में बिजली उत्पादन क्षमता में बड़ी वृद्धि होने की उम्मीद है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।