कटड़ा में प्रीगैबालिन की अवैध बिक्री पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, मेडिकल स्टोर सील; लाइसेंस धारक मौके से फरार
रियासी पुलिस ने कटड़ा में प्रीगैबालिन 300 एमजी कैप्सूल की अवैध बिक्री पर कार्रवाई करते हुए बारोत्रा फार्मेसी को सील ...और पढ़ें

वैष्णो देवी भवन मार्ग पर मेडिकल स्टोर सील। (AI Generated)
HighLights
कटड़ा में प्रीगैबालिन 300 एमजी कैप्सूल की अवैध बिक्री पर कार्रवाई।
बारोत्रा फार्मेसी को ड्रग इंस्पेक्टर और मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में सील किया।
लाइसेंस धारक दीपक कुमार छापेमारी के दौरान मौके से फरार हुआ।
राकेश शर्मा, कटड़ा। नशीली दवाओं के दुरुपयोग और प्रतिबंधित दवाओं की अवैध बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए रियासी पुलिस ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। इसी कड़ी में बुधवार को कटड़ा के भवन मार्ग पर डाबा मोड़ स्थित चरण पादुका मंदिर के पास बारोत्रा फार्मेसी में छापेमारी कर मेडिकल स्टोर को सील कर दिया गया। पुलिस को उक्त मेडिकल स्टोर में प्रीगैबालिन 300 एमजी कैप्सूल की कथित अवैध बिक्री किए जाने की विश्वसनीय सूचना मिली थी।
जानकारी के अनुसार, पुलिस पोस्ट बाणगंगा की टीम ने सूचना मिलने के बाद तुरंत ड्रग इंस्पेक्टर रियासी को सूचित किया और तलाशी प्रक्रिया के दौरान मौके पर उपस्थित रहने का आग्रह किया। इसके बाद पुलिस पोस्ट बाणगंगा, ड्रग इंस्पेक्टर रियासी तथा कार्यकारी मजिस्ट्रेट कटड़ा की संयुक्त टीम ने बारोत्रा फार्मेसी में तलाशी अभियान चलाया।
मेडिकल स्टोर से प्रीगैबालिन कैप्सूल बरामद
तलाशी के दौरान मेडिकल स्टोर के अंदर प्रीगैबालिन 300 एमजी कैप्सूल बरामद हुए। इस बीच मेडिकल स्टोर का लाइसेंस धारक दीपक कुमार कथित तौर पर कार्रवाई के दौरान मौके से फरार हो गया। इसके बाद ड्रग इंस्पेक्टर रियासी ने कार्यकारी मजिस्ट्रेट कटड़ा की मौजूदगी में निर्धारित कानूनी प्रक्रिया और नियामक प्रावधानों के तहत मेडिकल स्टोर को सील कर दिया।
नशे के खिलाफ अभियान में जनता से सहयोग की अपील
रियासी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि डॉक्टर की सलाह पर मिलने वाली दवाओं के दुरुपयोग तथा उनकी अवैध खरीद-फरोख्त और वितरण में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने मेडिकल स्टोर संचालकों, केमिस्टों और अन्य दुकानदारों से दवाओं की बिक्री संबंधी सभी कानूनी नियमों का पालन करने की अपील की है।
पुलिस ने आम जनता से भी नशे के खिलाफ इस अभियान में सहयोग देने का आह्वान किया है। रियासी पुलिस ने कहा कि मां वैष्णो देवी के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं सहित आम लोगों की सुरक्षा और स्वास्थ्य सुनिश्चित करना उसकी प्राथमिकता है।