बेरोजगारों के लिए जरूरी खबर, उधमपुर में 27 नवंबर को लगेगा रोजगार मेला; 500 से ज्यादा पदों पर भर्ती
ऊधमपुर में 27 नवंबर को जिला रोजगार एवं परामर्श केंद्र द्वारा एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। इसमें 8वीं, 10वीं, 12वीं पास, आईटीआई और डिप्लोमा धारकों के लिए विभिन्न निजी कंपनियों में नौकरी के अवसर मिलेंगे।

उधमपुर में नौकरी पाने का मौका, 500 से ज्यादा पदों पर भर्ती। (फाइल फोटो)
जागरण संवाददाता, उधमपुर। जिले के बेरोजगार शिक्षित युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला रोजगार एवं परामर्श केंद्र उधमपुर की ओर से 27 नवंबर को एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। मेले में विभिन्न निजी कंपनियां अलग-अलग पदों के लिए उम्मीदवारों का चयन करेंगी। भर्ती प्रक्रिया जिला रोजगार एवं परामर्श केंद्र, ओमाड़ा मोड़, उधमपुर में सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक आयोजित होगी।
रोजगार मेले में सेल्स, मार्केटिंग, इंश्योरेंस, ग्राहक सेवा, तकनीकी कार्य और होटल एवं हॉस्पिटैलिटी सहित विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे। इसमें 8वीं, 10वीं, 12वीं पास, ITI और डिप्लोमा धारक युवाओं के लिए उनकी योग्यता के अनुसार पद रखे गए हैं।
10वीं-12वीं पास कर सकते हैं आवेदन
देविका हुंडई में कस्टमर रिलेशनशिप मैनेजर, ऑटोमोबाइल इलेक्ट्रिशियन, अप कंट्री सेल्स मैनेजर, सेल्स कंसल्टेंट और सर्विस एडवाइजर के 12 पदों के लिए भर्ती होगी। इन पदों के लिए 12वीं और उससे ऊपर की योग्यता मांगी गई है।
पेटीएम में फील्ड सेल्स एग्जीक्यूटिव, सीनियर फील्ड सेल्स एग्जीक्यूटिव और जीएल पदों के लिए 150 पद उपलब्ध हैं। इसके लिए दसवीं और उससे ऊपर की योग्यता निर्धारित की गई है।
पुखराज हेल्थ केयर में 100 पदों पर भर्ती
पुखराज हेल्थ केयर प्राइवेट लिमिटेड में फील्ड वर्क एग्जीक्यूटिव और मार्केटिंग के 100 पदों के लिए दसवीं पास और उससे ऊपर के उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं। एलआईसी ऑफ इंडिया में इंश्योरेंस एडवाइजर के 10 पद, एसबीआई लाइफ में एसबीआई लाइफ मित्र के 10 पद और स्टार हेल्थ में इंश्योरेंस एजेंट के पांच पद उपलब्ध होंगे। इन पदों के लिए न्यूनतम दसवीं या बारहवीं पास योग्यता रखी गई है।
राज श्री मोटर्स में सेल्स के पांच पद और श्री राम जनरल इंश्योरेंस में सेल्स एग्जीक्यूटिव के पांच पदों के लिए भर्ती होगी। वहीं आर्य वीजा स्प्रिंट प्राइवेट लिमिटेड में एफओएस (एग्री), सेवा सारथी, एटीएम मित्र, सेवा सारथी टीएल, एफओएस (एग्री) टीएल और एफओएस कलेक्शन टीएल के 120 पद उपलब्ध होंगे। इन पदों के लिए बारहवीं और उससे ऊपर की योग्यता मांगी गई है।
यहां भी मिलेंगे नौकरी के मौके
विजय बिल्डर्स में सोलर इंस्टॉलेशन तकनीशियन और सेल्स एग्जीक्यूटिव के 10 पदों के लिए आईटीआई, 12वीं और उससे ऊपर के उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं। स्टार यूनियन दाई-इची इंश्योरेंस प्राइवेट लिमिटेड में एजेंट पदों के लिए दसवीं पास और उससे ऊपर के उम्मीदवारों को अवसर मिलेगा, जहां पदों की संख्या असीमित बताई गई है।
टोयोटा मोटर्स में सेल्स एग्जीक्यूटिव के पांच पद, पीएनबी मेटलाइफ में टीम लीडर और फाइनेंशियल एडवाइजर के 12 पद, इंस्टा हेल्थ केयर प्राइवेट लिमिटेड में हेल्थ एडवाइजर के 20 पद और परिश्रम रिसोर्सेज प्राइवेट लिमिटेड में एफओएस, सेवा सारथी, सेवा सारथी टीएल, एफओएस टीएल और कलेक्शन टीएल के 50 पद उपलब्ध होंगे।
फ्रेशर वर्ल्ड एडुटेक प्राइवेट लिमिटेड की ओर से एनडीएमसी में इलेक्ट्रिशियन और वाटर मीटर के ई-केवाईसी से संबंधित फील्ड वर्कर्स के 50 पदों पर भर्ती की जाएगी। इलेक्ट्रिशियन पद के लिए इलेक्ट्रिकल/आईटीआई या समकक्ष डिप्लोमा तथा फील्ड वर्कर पद के लिए 12वीं और उससे ऊपर की योग्यता निर्धारित है।
इसके अलावा होटल एसोसिएशन कटरा में रिसेप्शनिस्ट, रूम अटेंडेंट और कुक के पांच पदों के लिए आठवीं और उससे ऊपर के उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं। रोजगार मेले में जीडीए, फ्रंट ऑफिस, फूड एंड बेवरेज तथा बरिस्ता श्रेणियों में भी अवसर उपलब्ध करवाए जाएंगे। इन पदों के लिए जम्मू-कश्मीर, चंडीगढ़ और दिल्ली सहित विभिन्न स्थानों पर रोजगार के अवसर दर्शाए गए हैं।
ऑनलाइन पंजीकरण करना होगा अनिवार्य
रोजगार मेले में भाग लेने के इच्छुक उम्मीदवारों को ऑनलाइन पंजीकरण करना होगा। इसके लिए विभाग की ओर से जारी लिंक https://forms.gle/wPnYHV1KirooQH78 पर आवेदन किया जा सकता है।
उम्मीदवारों को रोजगार मेले में अपने रिज्यूम (बायोडाटा) की प्रतियां और यदि कोई अनुभव है तो उससे संबंधित दस्तावेज साथ लेकर आने होंगे, ताकि मौके पर संबंधित कंपनियों की इंटरव्यू टीम के समक्ष अपना परिचय प्रस्तुत कर सकें।
जिला रोजगार एवं परामर्श केंद्र उधमपुर की ओर से जिले के बेरोजगार शिक्षित युवाओं से इस रोजगार मेले में भाग लेकर उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने की अपील की गई है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।