विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'पाताल में भी छिपे होंगे तो ढूंढकर ढेर करेंगे', आतंकी लतीफ भट के खात्मे पर LG मनोज सिन्हा की दो टूक

Published: Wed, 18 Nov 2026 06:39 PM (GMT+05:30)

उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने उधमपुर में कहा कि जम्मू-कश्मीर से आतंकवाद को जड़ से खत्म करने का अभियान जारी रहेगा, चाहे आतंकी कहीं भी छिपे हों।

LG मनोज सिन्हा। फोटो जागरण

LG मनोज सिन्हा। फोटो जागरण

HighLights

  1. जम्मू-कश्मीर से आतंकवाद को जड़ से खत्म करने का अभियान।

  2. सुरक्षा बल आधुनिक चुनौतियों, साइबर हमलों से निपटने को तैयार।

  3. पुलिस को जनता का विश्वास जीतना, कानून व्यवस्था आधारशिला।

जागरण संवाददाता, ऊधमपुर। जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद के बचे-खुचे नेटवर्क को जड़ से खत्म करने के लिए सुरक्षा बलों का अभियान जारी रहेगा। पहाड़ों, जंगलों या पाताल में भी छिपे होंगे तो उन्हें ढूंढकर समाप्त किया जाएगा। जम्मू-कश्मीर को आतंकवाद मुक्त बनाकर ही सुरक्षा बल चैन से बैठेंगे।

उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने बुधवार को उधमपुर स्थित शेर-ए-कश्मीर पुलिस अकादमी में पासिंग आउट परेड के दौरान आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई को लेकर यह कड़ा संदेश दिया। उन्होंने कहा कि पड़ोसी आतंकी मुल्क कई दशकों से आतंकवाद के जरिये न केवल निर्दोष नागरिकों की जान लेता रहा, बल्कि समाज में भय पैदा कर यहां की शांति और विकास को रोकने का प्रयास भी करता रहा है।

अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में देश ने ऐसा प्रहार शुरू किया है कि आतंकवाद और अलगाववाद को कारोबार बनाने वाले कांफ्लिक्ट एंटरप्रेन्योर की दुकानें बंद होती जा रही हैं। अलगाववादियों के नापाक इरादों को दफन किया जा रहा है और इस पवित्र धरती से चुन-चुनकर एक-एक आतंकी का खात्मा किया जा रहा है।

आतंकवाद-अलगाववाद के कारण सामान्य जनजीवन पर असर

उपराज्यपाल ने कहा कि एक समय जम्मू-कश्मीर में ऐसा माहौल बना दिया गया था कि साल के आधे दिन दुकानें बंद रहती थीं। स्कूल, कॉलेज, विश्वविद्यालय और कारोबार प्रभावित रहते थे। आतंकवाद और अलगाववाद के कारण सामान्य जनजीवन पर असर पड़ता था।

लेकिन पिछले छह वर्षों में जम्मू-कश्मीर में शांति के हितधारक बढ़े हैं। आज यहां का प्रत्येक नागरिक सुरक्षित घर, अच्छी शिक्षा, रोजगार और कारोबार के अवसर तथा अपने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के प्रति समर्पित है। उन्होंने कहा कि पुलिस और सुरक्षा बलों को केवल लोगों की सुरक्षा का प्रहरी नहीं, बल्कि उनके विश्वास का प्रहरी भी बनना होगा।

कानून व्यवस्था ही शांति और विकास की अधारशिला

उपराज्यपाल ने कहा कि कानून व्यवस्था ही विकास की आधारशिला है। दुनिया में जहां शांति नहीं होती, वहां विकास भी संभव नहीं होता। पिछले छह वर्षों में जम्मू-कश्मीर में विकास ने रफ्तार पकड़ी है तो इसमें पुलिस और सुरक्षा बलों के परिश्रम, त्याग और बलिदान की बहुत बड़ी भूमिका है। उनकी मेहनत से ऐसा वातावरण तैयार हुआ है कि निवेशक अब बेझिझक अपने उद्योग स्थापित कर रहे हैं।

पर्यटक आत्मविश्वास के साथ होटल बुक कर रहे हैं और कारोबारी इत्मीनान से अपने व्यापार का विस्तार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज पर्यटक ऐसे अनुभवों और कहानियों के साथ अपने राज्यों को लौट रहे हैं, जिनकी कल्पना दस वर्ष पहले मुश्किल थी। सड़क और रेल मार्ग उन क्षेत्रों को जोड़ रहे हैं, जो कभी पहाड़ों और भय के कारण एक-दूसरे से कटे हुए थे।

गांवों में युवा उद्यमी नए उद्यम और माइक्रो स्टार्टअप स्थापित कर रहे हैं। कला, संस्कृति, खेल और सिनेमा के क्षेत्र में भी जम्मू-कश्मीर फिर से अपनी पहचान बनाने लगा है। इन सकारात्मक बदलावों के पीछे जम्मू-कश्मीर पुलिस, सेना और अर्धसैनिक बलों के शौर्य और बलिदान से तैयार हुई कानून व्यवस्था की मजबूत आधारशिला है। उन्होंने पुलिस और सुरक्षा बलों से इस विश्वास को और मजबूत करने का आह्वान किया।

बंदूक के अलावा अब मोबाइल और ड्रोन आदि भी चुनौती

बदलती सुरक्षा चुनौतियों का उल्लेख करते हुए मनोज सिन्हा ने कहा कि आज खतरा हमेशा बंदूक के रूप में सामने नहीं आता। कभी यह मोबाइल फोन की स्क्रीन के माध्यम से आता है तो कभी ऐसे नैरेटिव के रूप में, जिनके जरिये किसी युवा को घर बैठे रेडिकलाइज करने का प्रयास किया जाता है।

ड्रोन, साइबर अटैक और नार्को टेरर जैसी चुनौतियां भी बढ़ी हैं। पड़ोसी आतंकी मुल्क जम्मू-कश्मीर की तरक्की को रोकने के प्रयास करता रहा है और आगे भी करेगा। ऐसे में यदि सुरक्षा बल आज की चुनौतियों का सामना पुरानी पद्धतियों से करेंगे तो पीछे रह जाएंगे।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक जवान और अधिकारी को काउंटर टेररिज्म के साथ डिजिटल टूल, फॉरेंसिक साइंस, साइबर फॉरेंसिक, डिजिटल एविडेंस और टेक्नोलॉजी मॉनिटरिंग में भी दक्ष होना होगा। आधुनिक पुलिसिंग का एक महत्वपूर्ण पहलू आपसी सहयोग है।

इसके साथ ही पारंपरिक बीट पुलिसिंग और पुलिस थानों की भूमिका को भी और मजबूत करना होगा। प्रत्येक इलाके में संदिग्ध गतिविधियों की समय पर खुफिया जानकारी मिलना सुरक्षा का पहला कवच है।

जनता का विश्वास जीतना भी पुलिस की जिम्मेदारी

उपराज्यपाल ने कहा कि सामान्य नागरिकों के लिए पुलिस थाना शासन व्यवस्था का एकमात्र प्रत्यक्ष चेहरा होता है, जिससे उसका सामना होता है। यदि पुलिस अधिकारी और जवान नागरिकों के साथ सम्मान तथा संवेदनशीलता से व्यवहार करेंगे तो उनका विश्वास मजबूत होगा।

लोगों में यह भावना विकसित होगी कि शासन उनका सम्मान करता है। उन्होंने कहा कि पासिंग आउट होने वाले प्रोबेशनरी डीएसपी नेतृत्व की भूमिका में रहेंगे। उनसे अपेक्षा है कि उनका नेतृत्व जनता का विश्वास अर्जित करे। पुलिस का व्यवहार, आचरण और प्रत्येक फैसला लोगों के मन में राष्ट्र और शासन की छवि भी निर्मित करता है।

सिन्हा ने अधिकारियों से कहा कि जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा, शांति और विकास के लिए तैयार हुए माहौल को आगे बढ़ाना उनकी जिम्मेदारी है। आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई को निर्णायक मुकाम तक पहुंचाने के साथ आम नागरिकों के विश्वास को बनाए रखना और आधुनिक चुनौतियों के अनुरूप पुलिस व्यवस्था को सक्षम बनाना समय की आवश्यकता है।

प्रशिक्षण बेहतर तो अधिकारी और जवान भी बनेंगे बेहतर

जम्मू-कश्मीर पुलिस के प्रशिक्षण तंत्र में बदलाव पर जोर देते हुए उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने कहा कि अब प्रशिक्षण केंद्रों सर्वश्रेष्ठ अधिकारियों को जिम्मेदारी दी जा रही है। पूर्व में सामान्य तौर पर यह धारणा होती थी कि पुलिस प्रशिक्षण में ऐसे अधिकारियों को लगाया जाता है जो बहुत अच्छे अधिकारी नहीं हैं, लेकिन अब यह सोच पूरी तरह बदल रही है।

उन्होंने कहा कि जिला में एसएसपी बनने से बेहतर अवसर प्रशिक्षण केंद्र में काम करना भी हो सकता है। यदि प्रशिक्षण बेहतर होगा तो पुलिस के अधिकारी और जवान भी बेहतर बनेंगे। उन्होंने प्रशिक्षण केंद्रों के निदेशक और प्रशिक्षकों की सराहना करते हुए कहा कि प्रशिक्षण की गुणवत्ता ही भविष्य के पुलिस बल की क्षमता और कार्यकुशलता तय करती है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।