सोशल मीडिया पर दिल जीत रहीं ऊधमपुर की दो बहनें
ऊधमपुर की दो गायिका बहनों ने कोरोना के प्रति जागरूक करने वाला गीत तैयार किया है।
संवाददाता, ऊधमपुर : कोरोना के खिलाफ लड़ी जा रही जंग में हर कोई अपने तरीके से योगदान दे रहा है। घर से भी समाज को जागरूक करने वालों की कमी नहीं है। ऊधमपुर की दो गायिका बहनों ने कोरोना के प्रति जागरूक करने वाला गीत तैयार किया है। सोशल मीडिया पर मधुर आवाज में गाया गया जागरूकता गीत खूब लोकप्रिय हो रहा है। खूब लाइक किया जा रहा है। जिला प्रशासन के अधिकारियों से लेकर राज्य के प्रिसिपल सेक्रेटरी ने सोशल मिडिया पर इनकी सराहना की है।
ऊधमपुर की दोनों बहनें सरस भारती और पूजा भारती रामनगर की रहने वाली हैं। इनके पिता रुमालो राम लोकप्रिय लोक कलाकार हैं जो गीतड़ू लोकनृत्य के लिए प्रसिद्ध हैं। दोनों बहनों ने कोरोना को लेकर गीत तैयार किया है। जो सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफार्म पर तेजी से वायरल हो रहा है। प्रदेश के प्रिसिपल सेक्रेटरी व डीसी ऊधमपुर डॉ. पीयूष सिगला ने ट्वीट कर इसे सराहा है।
डोगरी भाषा के गीत 'वायरस मुकाई छड़ना..' के माध्यम से दोनों बहनों ने अपनी मधुर आवाज में पुलिस, स्वास्थ्यकर्मी, मीडिया और सफाई कर्मचारियों के काम को सराहने के साथ ही हर वर्ग के लोगों को लॉकडाउन के नियमों का पालन करने तथा दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित व जागरूक करने की अपील की है। इसके साथ ही जिला प्रशासन द्वारा कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए किये जा रहे काम को सराहा है।