जम्मू: वैष्णो देवी विधानसभा क्षेत्र में BJP को झटका, 3 पूर्व बीडीसी अध्यक्षों ने छोड़ी पार्टी;अब किस दल में जाएंगे?
श्री माता वैष्णो देवी विधानसभा क्षेत्र में भाजपा को बड़ा झटका लगा है, जहां तीन पूर्व बीडीसी अध्यक्षों ने पार्टी ...और पढ़ें

भाजपा से इस्तीफा देने वाले तीन पूर्व बीडीसी अध्यक्ष।
HighLights
तीन पूर्व बीडीसी अध्यक्षों ने भाजपा छोड़ी।
पार्टी में उपेक्षा और कार्यकर्ताओं की अनदेखी बताई वजह।
स्थानीय चुनावों से पहले भाजपा को बड़ा झटका।
राकेश शर्मा, कटड़ा। राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर जहां भारतीय जनता पार्टी जिला रियासी में विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से एकता का संदेश दे रही थी, वहीं दूसरी ओर श्री माता वैष्णो देवी विधानसभा क्षेत्र में पार्टी को राजनीतिक झटका लगा। क्षेत्र के तीन पूर्व बीडीसी अध्यक्षों एवं भाजपा नेताओं ने एक साथ पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। तीनों नेताओं ने संयुक्त रूप से अपना इस्तीफा जिला भाजपा अध्यक्ष रोहित दुबे को भेजा है। इस घटनाक्रम के बाद क्षेत्र में भाजपा की अंदरूनी स्थिति को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं।
पार्टी छोड़ने वाले नेताओं में कटड़ा ब्लॉक के पूर्व बीडीसी अध्यक्ष श्यामलाल भगत, पैथल ब्लॉक के पूर्व बीडीसी अध्यक्ष चंद्र मोहन सिंह तथा भामाग ब्लॉक के पूर्व बीडीसी अध्यक्ष अशोक ठाकुर शामिल हैं।
तीनों नेता लंबे समय से भाजपा से जुड़े हुए थे और अपने-अपने क्षेत्रों में राजनीतिक एवं संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। ऐसे में तीनों पूर्व बीडीसी अध्यक्षों का एक साथ पार्टी से इस्तीफा देना स्थानीय राजनीति में महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है।
पार्टी में अनदेखी और अंदरूनी खींचतान से बढ़ी नाराजगी
हालांकि तीनों नेताओं ने अपने इस्तीफे को लेकर विस्तार से कुछ भी कहने से परहेज किया, लेकिन उन्होंने इतना जरूर कहा कि पार्टी में लंबे समय से उन्हें उचित महत्व नहीं दिया जा रहा था। इसके अलावा जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं की समस्याओं को गंभीरता से नहीं सुना जा रहा था और उनके माध्यम से उठाए जाने वाले जनहित के कार्य भी अपेक्षित तरीके से आगे नहीं बढ़ पा रहे थे। नेताओं ने पार्टी के भीतर बढ़ती गुटबाजी और असंतोष को भी इस्तीफे के प्रमुख कारणों में शामिल बताया।
पार्टी में और इस्तीफों के संकेत
तीनों पूर्व बीडीसी अध्यक्षों ने यह संकेत भी दिया कि आने वाले दिनों में कुछ अन्य नेता और कार्यकर्ता भी पार्टी से अलग हो सकते हैं। इनमें पंच और सरपंच स्तर के कुछ प्रतिनिधियों के नाम भी शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि इस संबंध में अभी तक किसी अन्य नेता की ओर से आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
श्री माता वैष्णो देवी विधानसभा क्षेत्र में कुल 32 पंचायतें
गौरतलब है कि श्री माता वैष्णो देवी विधानसभा क्षेत्र में कुल 32 पंचायतें हैं और प्रशासनिक रूप से यह क्षेत्र कटड़ा, पैथल तथा भामाग सहित तीन ब्लॉकों में विभाजित है। इन तीनों ब्लॉकों के पूर्व बीडीसी अध्यक्षों का एक साथ भाजपा छोड़ना संगठन के लिए आत्ममंथन का विषय बन गया है। स्थानीय स्तर पर पार्टी के संगठनात्मक ढांचे और कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।
कांग्रेस या नेशनल कॉन्फ्रेंस में जा सकते हैं तीनों नेता
वहीं, राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा भी चल रही है कि तीनों नेता आने वाले दिनों में कांग्रेस अथवा नेशनल कॉन्फ्रेंस का दामन थाम सकते हैं। हालांकि अभी तक किसी भी राजनीतिक दल में शामिल होने को लेकर इन नेताओं की ओर से कोई औपचारिक घोषणा नहीं की गई है। ऐसे में उनकी अगली राजनीतिक रणनीति पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।
उल्लेखनीय है कि आने वाले समय में जम्मू-कश्मीर में स्थानीय निकायों के साथ डीडीसी, बीडीसी और पंच-सरपंच के चुनाव भी होने हैं। ऐसे में चुनावों से पहले तीन पूर्व बीडीसी अध्यक्षों का पार्टी से अलग होना भाजपा के स्थानीय संगठन के लिए एक अहम घटनाक्रम है। अब देखना होगा कि पार्टी नेतृत्व इस असंतोष को दूर करने के लिए क्या कदम उठाता है और क्या इन नेताओं को मनाने के प्रयास किए जाते हैं।
फिलहाल इस पूरे राजनीतिक घटनाक्रम पर जिला भाजपा अध्यक्ष रोहित दुबे तथा श्री माता वैष्णो देवी विधानसभा क्षेत्र के विधायक बलदेव राज शर्मा की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। आने वाले दिनों में पार्टी नेतृत्व की प्रतिक्रिया और इस्तीफा देने वाले नेताओं के अगले कदम से क्षेत्र की राजनीतिक तस्वीर और स्पष्ट हो सकती है।
फोटो कैप्शन . भाजपा से इस्तीफा देने वाले कटड़ा ब्लॉक के पूर्व बीडीसी अध्यक्ष श्यामलाल भगत। फोटो जागरण |
. भाजपा से इस्तीफा देने वाले पैथल ब्लॉक के पूर्व बीडीसी अध्यक्ष चंद्र मोहन सिंह। फोटो जागरण |
. भाजपा से इस्तीफा देने वाले भामाग ब्लॉक के पूर्व बीडीसी अध्यक्ष अशोक ठाकुर। फोटो जागरण |
राकेश शर्मा, कटड़ा |
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।