आज भाइयों के माथे पर मंगल तिलक सजाएंगी बहनें
जागरण संवाददाता, ऊधमपुर : नवरात्र के साथ शुरू हुआ एक के बाद एक त्यौहारों का सिलसिले पर
जागरण संवाददाता, ऊधमपुर : नवरात्र के साथ शुरू हुआ एक के बाद एक त्यौहारों का सिलसिले पर कल भैयादूज पर्व के साथ कुछ देर के लिए विराम लग जाएगा। फिर इसके बाद जनवरी माह में लोहड़ी और मकर संक्रांति पर्व आएगा।
शारदीय नवरात्र से शुरु हुए त्यौहारी पर्व के सीजन में दशहरा, करवाचौथ, धनतेरस, दिवाली के बाद शुक्रवार को भैयादूज पर्व है। जिसमें बहनें अपने भाईयों के मस्तक पर मंगल तिलक लगा कर उनकी दीर्घायु की कामना करेंगी। बदले में भाई भी अपनी बहनों के प्रति आदर और स्नेह अभिव्यक्त करने के लिए उनको तरह तरह के उपहार व शगुन देकर हर सुखदुख में उनका साथ देने का वचन लेंगे।
भैयादूज पर्व की पूर्व संध्या पर हुई खूब खरीददारी
भैयादूज पर्व की पूर्व संध्या पर बाजार में खूब खरीददारी हुई। बहनों ने अपने भाइयों के लिए मिठाइयां, मेवे, चॉकलेट सहित अन्य चीजों के साथ तिलक के लिए अन्य चीजों की खरीददारी की। वहीं भाइयों ने भी अपनी बहनों के लिए कपड़े, आभूषण से लेकर टीवी सहित अन्य उपकरणों घडियां, स्मार्टवाच, मोबाइल फोन सहित अन्य उपहारों की खरीददारी की। भैयादूज के लिे हुई खरीददारी के चलते बाजार में खासी भीड़ थी। सबसे ज्यादा भीड़ मिठाइयों की दुकानों पर थी।
सारा दिन शुभ है मुहुर्त
भैया दूज पर तिलक लगाने के लिए शुक्रवार को सारा दिन शुभ है। ज्योतिष वाचस्पति शास्त्री के अनुसार शुक्रवार को भैया दूज पर सूर्योदय के बाद से समय पूरी तरह शुभ है। भद्राकाल सहित कोई अन्य दोष न होने के कारण मंगल तिलक के लिए सारा दिन शुभ है।