केंद्रीय मंत्री के कार्यक्रम का बहिष्कार करने का ऐलान
पब्लिक आउटरीच प्रोग्राम में मंत्री के नही पहुंचने पर माजालता और खून के बीडीसी चेयरमैन और पंचा-सरपंचों ने वीरवार होने वाले मंत्री के कार्यक्रम का बहिष्कार करने का एलान किया है।
जागरण संवाददाता, ऊधमपुर : पब्लिक आउटरीच प्रोग्राम में मंत्री के नही पहुंचने पर माजालता और खून ब्लॉक के बीडीसी चैयरमैन ने अपने सरपंचों और पंचों के साथ मंत्री के खिलाफ किया प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि मानसर में ट्राइबल अफेयर्स की केंद्रीय राज्य मंत्री रेणुका सिंह को 10 बजे आना था। इसके लिए विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी तथा विभिन्न पार्टियों के बीडीसी चेयरमैन और सरपंच-पंच सुबह साढ़े नौ बजे से ही पहुंच गए थे। दोपहर सवा तीन बजे के करीब चॉपर आया, लेकिन मानसर हायर सेकेंडरी में उसकी लैंडिंग नहीं हो सकी। कई चक्कर लगाने के बाद चॉपर वापस लौट गया। शाम साढ़े पांच बजे तक लोग मंत्री के आने का इंतजार करते रहे।
ब्लॉक चेयरमैन खून ओमप्रकाश सिंह और ब्लाक चेयरमैन मजालता दीनानाथ ने पंचों-सरपंचों के साथ मंत्री के न आने पर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि वह लोग सुबह 10 बजे से मंत्री के आने का इंतजार कर रहे हैं, मगर मंत्री शाम छह बजे भी नहीं पहुंची। यह सब लोगों के साथ भद्दा मजाक है। प्रदर्शनकारियों ने वीरवार को फिर से होने वाले इस कार्यक्रम का बहिष्कार करने का ऐलान किया। अब इस कार्यक्रम में उनका कोई भी पंच-सरपंच नहीं आएगा।