जम्मू-कश्मीर के अवंतीपोरा एम्स में कब से मिलेगा इलाज? दिसंबर से पहले OPD शुरू करने का लक्ष्य, जानें पूरा प्लान
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री नड्डा ने एम्स अवंतीपोरा के निर्माण और संचालन की समीक्षा की, जहाँ दिसंबर 2026 से पहले ओपीडी ...और पढ़ें

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री नड्डा ने अधिकारियों को दिए समयबद्ध संचालन के निर्देश।
HighLights
दिसंबर 2026 से पहले एम्स अवंतीपोरा में ओपीडी सेवाएं शुरू होंगी।
मार्च 2027 तक शेष निर्माण कार्य पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित।
जुलाई 2027 से आईपीडी सेवाएं और 652 पदों पर भर्ती होगी।
राज्य ब्यूरो, श्रीनगर। दक्षिण कश्मीर समेत पूरे जम्मू-कश्मीर के मरीजों को बेहतर इलाज के लिए अब बड़े शहरों का रुख करने से राहत मिलने की उम्मीद जगी है। अवंतीपोरा में बन रहे एम्स में दिसंबर 2026 से पहले ओपीडी सेवाएं शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है। इससे मरीजों को विशेषज्ञ डॉक्टरों से परामर्श और जरूरी जांच की सुविधा स्थानीय स्तर पर मिल सकेगी। केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने वीरवार को जम्मू-कश्मीर की स्वास्थ्य मंत्री सकीना इट्टू के साथ मिलकर संस्थान के निर्माण और संचालन की तैयारियों की समीक्षा करते हुए शेष काम मार्च 2027 तक पूरा करने के निर्देश दिए।
समीक्षा बैठक में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री नड्डा ने भवन निर्माण, चिकित्सा उपकरणों की खरीद, डॉक्टरों और अन्य कर्मचारियों की भर्ती तथा शैक्षणिक गतिविधियां शुरू करने की तैयारियों का जायजा लिया। अधिकारियों ने उन्हें बताया कि संस्थान के सभी प्रमुख भवनों का निर्माण पूरा हो चुका है, जबकि बाकी काम चरणबद्ध तरीके से जारी हैं।
कठिन भौगोलिक परिस्थितियों और अन्य चुनौतियों के बावजूद प्रमुख बुनियादी ढांचा तैयार करने के लिए उन्होंने केंद्रीय लोक निर्माण विभाग (सीपीडब्ल्यूडी) और अन्य एजेंसियों के प्रयासों की सराहना की। साथ ही शेष निर्माण कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने पर जोर दिया।
180 चिकित्सा उपकरणों की खरीद को मिली हरी झंडी
चिकित्सा उपकरणों की खरीद में तेजी लाने के लिए नड्डा ने एचआईटीईएस और एम्स प्रशासन के बीच बेहतर तालमेल बनाने को कहा। अधिकारियों के अनुसार, 59.41 करोड़ रुपये की लागत वाले 180 चिकित्सा उपकरणों की खरीद को मंजूरी दी गई है।
इनमें से 140 उपकरणों के लिए अवार्ड नोटिस भी जारी किए जा चुके हैं। इसके अलावा प्रयोगशालाओं के उपकरणों और फर्नीचर की खरीद भी जल्द पूरी करने के निर्देश दिए गए।
पहले ओपीडी, फिर आईपीडी सेवाएं शुरू करने की तैयारी
एम्स में स्वास्थ्य सेवाएं चरणबद्ध तरीके से शुरू करने की योजना है। इसके तहत ओपीडी सेवाएं दिसंबर 2026 से पहले शुरू करने का लक्ष्य है, जबकि आईपीडी यानी मरीजों को भर्ती कर इलाज देने की सेवाएं जुलाई 2027 में शुरू करने का प्रस्ताव है।
नड्डा ने कहा कि ओपीडी शुरू होने से पहले जांच सुविधाओं, चिकित्सा उपकरणों और पर्याप्त कर्मचारियों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि मरीजों को शुरुआत से ही बेहतर इलाज मिल सके।
652 पदों पर होगी भर्ती, 150 सुरक्षाकर्मी भी शामिल
संस्थान के सुचारू संचालन के लिए डॉक्टरों, शिक्षकों और गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों की नियुक्ति प्रक्रिया तेज करने पर भी जोर दिया गया। मंत्रालय ने ओपीडी और उससे जुड़ी सेवाओं के लिए 652 जरूरी पदों पर नियुक्ति को मंजूरी दी है। इनमें 150 सुरक्षाकर्मियों के पद भी शामिल हैं।
इसके अलावा परिसर की सुरक्षा, परिवहन संपर्क और संस्थान को जरूरी प्रशासनिक सहयोग उपलब्ध कराने से जुड़े इंतजामों की भी समीक्षा की गई। नड्डा ने एम्स प्रशासन, सीपीडब्ल्यूडी, एचआईटीईएस और स्थानीय प्रशासन को आपसी समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए।
2027-28 सत्र से शुरू हो सकती हैं एमबीबीएस की कक्षाएं
स्वास्थ्य सेवाओं के साथ चिकित्सा शिक्षा शुरू करने की भी तैयारी है। प्रस्ताव के अनुसार, जून-जुलाई 2027 से शुरू होने वाले शैक्षणिक सत्र 2027-28 में एमबीबीएस की कक्षाएं शुरू की जा सकती हैं।
नड्डा ने कहा कि एम्स अवंतीपोरा का समय पर संचालन जम्मू-कश्मीर में उच्च स्तरीय स्वास्थ्य सेवाओं और विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधाओं तक लोगों की पहुंच बढ़ाएगा। इससे क्षेत्र में चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं की क्षमता भी मजबूत होगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।