कश्मीर में भी सड़क पर उतरे जलशक्ति विभाग के कर्मचारी
वेतन विसंतगितयों को दूर करने व स्थायी करने की मांगों को लेकर कामछोड़ हड़ताल पर गए जलशक्ति विभाग जम्मू के कर्मियों के समर्थन में शनिवार को संबंधित विभाग कश्मीर के कर्मचारी भी सड़कों पर उतर आए। उन्होंने जल शक्ति विभाग के खिलाफ धरना प्रदर्शन किया और कर्मियों की मांगें पूरी करने की मांग की। कर्मियों ने चेतावनी दी कि अगर जम्मू संभाग के कर्मियों की मांगें पूरी नहीं गई तो वे भी काम छोड़ हड़ताल पर चले जाएंगे।
संवाद सहयोगी,श्रीनगर : वेतन विसंतगितयों को दूर करने व स्थायी करने की मांगों को लेकर कामछोड़ हड़ताल पर गए जलशक्ति विभाग जम्मू के कर्मियों के समर्थन में शनिवार को संबंधित विभाग कश्मीर के कर्मचारी भी सड़कों पर उतर आए। उन्होंने जल शक्ति विभाग के खिलाफ धरना प्रदर्शन किया और कर्मियों की मांगें पूरी करने की मांग की। कर्मियों ने चेतावनी दी कि अगर जम्मू संभाग के कर्मियों की मांगें पूरी नहीं गई तो वे भी काम छोड़ हड़ताल पर चले जाएंगे।
शनिवार को पीएचई ज्वाइंट इंप्लाइज एसोसिएशन के बैनर तले जलशक्ति विभाग कश्मीर के कर्मचारी लालचौक स्थित प्रेस एन्क्लेव के बाहर एकत्र हुए। जहां उन्होंने धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि जम्मू के कर्मचारी अपनी जायज मांगों को लेकर काम छोड़ हड़ताल पर चले गए हैं। पिछले नौ दिनों से वह सड़कों पर उतर अपनी मांगों को लेकर गुहार लगा रहे हैं। कर्मियों के कामछोड़ हड़ताल पर चले जाने से आम जनता की परेशानी बढ़ गई है। लेकिन इसके बावजूद सरकार की नींद नहीं टूट रही है। एसोसिएशन के अध्यक्ष सज्जाद अहमद परे ने कहा, कर्मचारी अपना हक मांग रहे हैं, लेकिन कोई सुनने वाला नहीं है। परे ने कहा हम अपने जम्मू के जलशक्ति विभाग के कर्मचारियों का भरपूर समर्थन करते हैं और प्रशासन से मांग करते हैं कि वह उदासीनता छोड़ हमारी जायज मांगों को पूरा करने के लिए प्रयास करे। यदि सरकार अब भी नहीं जागी तो अभियान में तेजी लाई जाएगी और जम्मू के साथ जल शक्ति विभाग कश्मीर के कर्मचारी भी काम छोड़ हड़ताल पर चले जाएंगे।