किश्तवाड़ एसपीओ हत्याकांड को लेकर शगुन परिहार के बयान पर बवाल, नेकां ने की FIR की मांग, सकीना इट्टू बोलीं- माफी मांगें
किश्तवाड़ में दो एसपीओ की हत्या पर भाजपा विधायक शगुन परिहार के मस्जिद से एलान संबंधी बयान पर जम्मू-कश्मीर में सियासी विवाद खड़ा हो गया है।

भाजपा विधायक शगुन के बयान पर बवाल। फाइल फोटो (सोर्स- पीटीआई)
HighLights
भाजपा विधायक शगुन परिहार के बयान पर सियासी विवाद।
नेकां ने मस्जिद से एलान संबंधी दावे पर एफआईआर मांगी।
मंत्री सकीना इट्टू और कांग्रेस ने बयान की निंदा की।
राज्य ब्यूरो, श्रीनगर। किश्तवाड़ में दो विशेष पुलिस अधिकारियों (एसपीओ) की हत्या को लेकर भाजपा विधायक शगुन परिहार की कथित टिप्पणी पर जम्मू-कश्मीर में सियासी विवाद खड़ा हो गया है।
मस्जिद से हत्याओं से पहले एलान किए जाने के उनके दावे पर नेशनल कॉन्फ्रेंस (नेकां) ने कड़ी आपत्ति जताते हुए उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। वहीं, मंत्री सकीना इट्टू ने बयान को गैरजिम्मेदाराना बताते हुए इसे वापस लेने और प्रदेश की जनता से माफी मांगने को कहा है। कांग्रेस ने भी टिप्पणी की निंदा की है।
नेकां के अतिरिक्त महासचिव एवं राज्यसभा सांसद चौधरी मोहम्मद रमजान ने कहा कि धार्मिक संस्थानों को बिना सबूत राजनीतिक विवाद में घसीटना दुर्भाग्यपूर्ण है। ऐसे बयान जम्मू-कश्मीर के शांतिपूर्ण माहौल और सांप्रदायिक सौहार्द को नुकसान पहुंचा सकते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा विधायक विकास, रोजगार और आम लोगों की समस्याओं पर जवाब देने के बजाय धार्मिक ध्रुवीकरण की राजनीति कर रहे हैं।
रमजान ने कहा कि यदि किसी के पास किसी घटना से जुड़े सबूत हैं तो उन्हें जांच एजेंसियों के सामने पेश करना चाहिए। सार्वजनिक मंचों से ऐसे आरोप लगाने से बचना चाहिए, जिनसे समुदायों के बीच तनाव पैदा हो। उन्होंने प्रशासन से बयान का संज्ञान लेकर एफआईआर दर्ज करने और कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। साथ ही भाजपा नेतृत्व से इस टिप्पणी पर बिना शर्त माफी मांगने को कहा।
वहीं, मंत्री सकीना इट्टू ने इंटरनेट मीडिया मंच एक्स पर कहा कि भाईचारा, आपसी सम्मान और शांतिपूर्ण सह-अस्तित्व जम्मू-कश्मीर की सबसे बड़ी ताकत हैं। मस्जिदों को हत्याओं से जोड़ने वाले बेबुनियाद आरोप साझा विरासत और आपसी विश्वास को चोट पहुंचाते हैं।
जनप्रतिनिधियों को संवेदनशील मुद्दों पर बोलते समय जिम्मेदारी बरतनी चाहिए। उन्होंने विधायक शगुन परिहार से बयान वापस लेने और प्रदेश की जनता, विशेषकर मुस्लिम समुदाय से माफी मांगने की अपील की।
आपको बता दें कि किश्तवाड़ निवासी एसपीओ बाबी चंद (57) और रशपाल कुमार (45) पिछले वीरवार को डच्छन के जंगल में मृत पाए गए थे। दोनों एक दिन पहले मढ़वाह तहसील के बसनंद स्थित सुरक्षा चौकी की ओर जाते समय लापता हो गए थे।
उन्हें श्रद्धांजलि देने के कार्यक्रम के दौरान शगुन परिहार ने कथित तौर पर दावा किया था कि हत्याओं से पहले मस्जिद से एलान किए गए थे। उन्होंने सवाल उठाया था कि अब तक इस मामले में शामिल लोगों को गिरफ्तार क्यों नहीं किया गया।
इससे पहले गत रविवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष तारिक हमीद करा ने भी बयान की निंदा करते हुए भाजपा पर घटना को सांप्रदायिक रंग देने का आरोप लगाया था।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।