कश्मीरवासियों की थाली में जहर परोसने की कोशिश! दो दिन में दो टन खराब मांस जब्त
कश्मीर के बड़गाम रेलवे स्टेशन पर दिल्ली से आई पार्सल ट्रेन से दो दिनों में लगभग 2000 किलो संदिग्ध खराब मांस जब्त किया गया।
-1794848343155_m.webp)
जम्मू-कश्मीर में दो दिन में दो टन खराब मांस जब्त। एआई जेनरेटेड तस्वीर।
HighLights
बड़गाम में दो दिन में 2000 किलो मांस जब्त
दिल्ली से आया मांस, मानव उपभोग के अयोग्य
बिना रेफ्रिजरेशन परिवहन, एफएसएसएआई नियमों का उल्लंघन
राज्य ब्यूरो, श्रीनगर। कश्मीरवासियों की थाली में खराब मांस परोसने की एक और कोशिश का पर्दाफाश हुआ है। दिल्ली से पार्सल ट्रेन के जरिए घाटी पहुंच रहे करीब दो हजार किलो संदिग्ध खराब मांस की बड़गाम रेलवे स्टेशन पर लगातार दो दिन में बरामदगी ने खाद्य सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पहले दिन 1600 किलो और अगले दिन करीब 400 किलो मांस जब्त किया गया। दोनों खेपों को मानव उपभोग के लिए अनुपयुक्त पाए जाने के बाद नष्ट कर दिया गया। सवाल यह है कि यदि समय रहते इन खेपों को नहीं पकड़ा जाता तो यह मांस कितने लोगों की थाली तक पहुंच सकता था।
घाटी में खराब मांस की बरामदगी का यह पहला मामला नहीं है। पिछले साल भी बड़े पैमाने पर खराब और असुरक्षित मांस की बिक्री का मामला सामने आया था। उस दौरान विभिन्न स्थानों पर कार्रवाई में 12 हजार किलो से अधिक मांस जब्त किया गया था।
इन घटनाओं ने होटल और रेस्तरां कारोबार के साथ आम उपभोक्ताओं के बीच चिंता पैदा कर दी थी। अब एक बार फिर इतनी बड़ी मात्रा में संदिग्ध मांस की खेप मिलने से पुराने मीट कांड की यादें ताजा हो गई हैं।
बिना फ्रिज और बर्फ के पहुंचा 1600 किलो मांस
जानकारी के अनुसार, पहली कार्रवाई में दिल्ली से बड़गाम पहुंची पार्सल ट्रेन के भीतर 44 बक्सों में करीब 1600 किलो मांस बरामद किया गया। पैकेटों पर बीफ मांस होने का उल्लेख था, लेकिन उसे सुरक्षित रखने के लिए न तो बर्फ के टुकड़े रखे गए थे और न ही रेफ्रिजरेशन या फ्रीजर की व्यवस्था थी। यानी लंबी दूरी तय करके पहुंची इस खेप के परिवहन के दौरान तापमान नियंत्रित रखने का कोई इंतजाम नहीं किया गया था।
रेलवे पुलिस को मिली विशेष सूचना के आधार पर कार्रवाई की गई। इसके बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक विभाग और जिला प्रशासन के अधिकारियों को मौके पर बुलाया गया। बड़गाम के तहसीलदार और संबंधित विभागों की टीम ने भी जांच की। मांस के साथ वधशाला का विवरण, पशु चिकित्सक का प्रमाणपत्र और भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) से संबंधित जरूरी दस्तावेज भी नहीं मिले।
अगले दिन फिर मिली 400 किलो की खेप
पहली बरामदगी के अगले ही दिन करीब 400 किलो मांस की एक और खेप पकड़ी गई। इस बार रेलवे पुलिस, बडगाम जिला प्रशासन, नगर समिति और पशुपालन विभाग ने संयुक्त कार्रवाई की। बरामद मांस को भी नष्ट कर दिया गया। लगातार दो दिनों में हुई इन कार्रवाइयों ने यह आशंका बढ़ा दी है कि घाटी में मांस की आपूर्ति के नाम पर नियमों को ताक पर रखकर लोगों की सेहत के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है।
रेलवे पुलिस ने मामले में एफआइआर दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत जांच शुरू कर दी है। अब जांच का अहम हिस्सा यह पता लगाना है कि इन खेपों को किसने भेजा था, घाटी में इन्हें कहां पहुंचाया जाना था और इनके पीछे कौन लोग शामिल हैं।
खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण के नियमों के अनुसार, मांस को परिवहन और भंडारण के दौरान निर्धारित तापमान पर रखना अनिवार्य है। ठंडे मांस को चार डिग्री सेल्सियस या उससे कम और जमे हुए मांस को माइनस 18 डिग्री सेल्सियस या उससे कम तापमान पर रखा जाना चाहिए। तापमान बनाए रखने में लापरवाही से मांस में हानिकारक सूक्ष्मजीव पनप सकते हैं और उसके सेवन से खाद्य विषाक्तता तथा पेट संबंधी संक्रमण का खतरा बढ़ सकता है।
सिर्फ रेलवे स्टेशन पर कार्रवाई से नहीं रुकेगा कारोबार
स्थानीय निवासियों का कहना है कि लगातार दो दिन में दो टन मांस की बरामदगी ने सबसे बड़ा सवाल यह खड़ा किया है कि क्या इससे पहले भी ऐसी खेपें बिना जांच के घाटी पहुंचती रही हैं? रेलवे स्टेशन पर दो बड़ी खेपें पकड़े जाने के बाद अब यह पता लगाना जरूरी है कि घाटी में मांस की आपूर्ति का पूरा नेटवर्क कैसे काम कर रहा है।
पालपोरा के निवासी वसीम भट ने कहा कि खाद्य सुरक्षा विभाग को रेलवे स्टेशनों के साथ मांस के थोक विक्रेताओं, भंडारण केंद्रों, दुकानों, होटलों और रेस्तरां में भी नियमित जांच करनी चाहिए। आपूर्ति के स्रोत और खरीदारों की पहचान कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई जरूरी है। बच्चों, बुजुर्गों और कमजोर प्रतिरोधक क्षमता वाले लोगों के लिए दूषित मांस का सेवन विशेष रूप से जोखिम भरा हो सकता है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।